भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

प्रदेश में नर्मदा एक्सप्रेस-वे भी बनेगा

  • 74वें स्वतंत्रता दिवस पर शिवराज का ऐलान…

भोपाल। मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी जिलों में विशेष सतर्कता रखी जा रही है। मुख्यमंत्री सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में तिरंगा फहराया और प्रदेश के लोगों को संबोधित किया। उधर कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेशभर में समिति संख्या में लोगों को झंडावंदन के कार्यक्रम में उपस्थित होने की गाइडलाइन जारी की गई है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सुबह मुख्यमंत्री निवास पर भी झंडावंदन किया तथा सलामी ली। राष्ट्रगान हुआ तथा भारत माता की जय का उद्घोष हुआ। मुख्यमंत्री ने आजादी के पर्व की सभी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सभी शासकीय सेवकों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षा में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपना कार्य अत्यंत मेहनत लगन और निष्ठा के साथ किए जाने के फलस्वरूप उन्हें पुरस्कृत भी किया। सभी राजपत्रित अधिकारियों को प्रशंसा-पत्र, सभी निरीक्षकों को रुपये 5750, उप निरीक्षकों एवं सहायक उप निरीक्षकों को रूपये 5500 तथा प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों को रुपये 5000 का पुरस्कार प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि सरकार राज्य में राम वन गमन पथ और रामायण सर्किट विकसित करेगी और इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सीएम स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल परेड ग्राउंड के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित राज्य-स्तरीय समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने यहां पर तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इसके मौके मुख्यमंत्री ने राज्य में चंबल प्रोग्रेस-वे के साथ नर्मदा एक्सप्रेस-वे बनाने की घोषणा की।
शिवराज ने कहा- हम राम गमन पथ, रामायण सर्किट का विकास करेंगे, अमरकंटक सर्किट, तीर्थंकर सर्किट, मां नर्मदा परिक्रमा भी विकसित करेंगे। इससे राज्य में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे रोजगार भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि राम गमन पथ को दोबारा से देखेंगे। रामगमन पथ के निर्माण का प्रस्ताव चित्रकूट में है।
मुख्यमंत्री ने कहा- नर्मदा नदी मध्य प्रदेश की जीवन रेखा है। इसके विकास के लिए हम प्रदेश में नर्मदा एक्सप्रेस-वे विकसित करेंगे। इसके साथ औद्योगिक क्लस्टर भी बनाए जाएंगे, जहां पर निवेश आएगा। इसका विकास चंबल प्रोग्रेस-वे की तर्ज पर ही किया जाएगा। ये राज्य के लिए समृद्धि के मार्ग होंगे। उन्होंने कहा कि चंबल प्रोग्रेस-वे मध्यप्रदेश के लिए वरदान सिद्ध होगा। मुरैना, भिंड, श्योपुर जिले से होकर उत्तर प्रदेश और राजस्थान की सीमा तक यह नया प्रोग्रेस बनेगा।

रिकॉर्ड- 129 करोड़ मीट्रिक टन गेहूं खरीदा
मुख्यमंत्री ने कहा- अन्नदाता को प्रणाम। कोविड 19 महामारी के कारण उत्पन्न विपरीत परिस्थितियों में भी प्रदेश के किसानों ने कमाल कर दिया। गेहूं का रिकॉर्ड तोड़ उत्पादन किया। गेहूं खरीदी में मध्यप्रदेश ने पंजाब को भी पीछे छोड़ते हुए देश में नंबर एक बन गया। उन्होंने आगे कहा कि लॉकडाउन हुआ लेकिन हमने प्रदेश के अन्नदाताओं को कठिनाई का सामना नहीं करने दिया। वृहद स्तर गेहूं उपार्जन किया गया, मुझे ये बताते हुए गर्व है कि रिकॉर्ड 129 करोड़ मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया और 24,000 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि किसानों को दी गई।

लाडली लक्ष्मी योजना फिर से शुरू करेंगे
शिवराज ने कहा कि मैंने सरकारी कार्यों में शुभारंभ के मौके पर लड़कियों को सम्मानित करने के लिए कन्या पूजाज्की शुरुआत की थी। अब हम लाड़ली लक्ष्मी योजना को फिर से नए सिरे से शुरू करेंगे। बेटियों की पूजा करके ही कोई भी शासकीय कार्यक्रम अब शुरू होगा। महिला सशक्तिकरण में हमारी सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

बेटी की पूजा करने के बाद ही काम शुरू होंगे
मध्यप्रदेश में अब कोई भी सरकारी कार्य बेटी की पूजा करने के बाद ही शुरू किया जाएगा। इसमें सरकारी योजना की शुरुआत और सरकारी कार्यक्रम शामिल रहेंगे। यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के लाल परेड मैदान के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की। इससे पहले उन्होंने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। शिवराज ने कहा कि मेधावी छात्रों के लिए लैपटॉप दिए जाएंगे।

मध्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़ाने के लिए रामायण सर्किट का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये राम वन गमन पथ और रामायण सर्किट का विकास करेगी। इससे रोजगार भी पैदा होगा। चौहान ने रोजगार उपलब्ध कराने के लिये प्रदेश में पर्यटन की अन्य गतिविधियां शुरू करने की भी घोषणा की।

सीएम शिवराज ने ये भी कहा
हम मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की योजना पुन: शुरू कर रहे हैं। युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर देने का कार्य भी हो रहा है। स्टार्ट अप्स को बढ़ावा मिलेगा, जिससे आप रोजगार लेने वाले नहीं, बल्कि देने वाले बनेंगे। आर्थिक संकट है, लेकिन हम उसका रोना नहीं रोएंगे। नई-नई सिंचाई परियोजनाओं को हमने शुरू किया है। नर्मदा मैया के जल के अपने हिस्से की एक-एक बूंद का हम उपयोग करेंगे। कानून और व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैं अपने पुलिस के मित्रों को बधाई देना चाहता हूं कि पिछले दिनों आपने इन पर प्रभावी कार्रवाई की है। प्रदेश को शांति का टापू बनाना है। माफियाओं को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा। मध्यप्रदेश ने स्वच्छता अभियान में नए रिकॉर्ड बनाए हैं। इंदौर की जनता ने अपने शहर को लगातार देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाया है। मेट्रो रेल, नल-जल, सोलर पॉवर पर भी तेजी से कार्य जारी है।

हिंदी विश्वविद्यालय में ध्वजारोहण
अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय में 15 अगस्त के सुअवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रामदेव भारद्वाज ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व हम सब उच्चशिक्षा के विभाग के निर्देशों का पालन करते हुए मना रहे हैं। विश्वविद्यालय में इस महामारी के दौर में जो यहां उपस्थित हुए हैं और जो नहीं हो पाए हैं, वह सब अपनी क्षमता के अनुसार इस राष्ट्रीय पर्व को मना रहे हैं। विश्वविद्यालय में झंडावंदन का कार्यक्रम का संचालन डॉ. भावना ठाकुर ने वीर शहीदों को नमन करते हुए किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में आभार अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय में कुलसचिव प्रो. विजय सिंह ने किया।

शौर्य स्मारक में 25 फीट ऊंची भारत माता की प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार सुबह भोपाल के शौर्य स्मारक में भारत माता की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि आज वह खुद को परम सौभाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने कहा कि शौर्य स्मारक में भारत माता की दिव्य और भव्य प्रतिमा स्थापित करने का मेरा संकल्प आज साकार हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शौर्य स्मारक पर वीरों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने आए सरसंघ चालक मोहन भागवत सहित अनेक लोगों के मन में अक्सर यह भाव आता था कि यहां भारतमाता की मूर्ति होनी चाहिए। यह सपना आज साकार हुआ। उन्होंने कहा शौर्य स्मारक आने वाला हर व्यक्ति वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देकर भारतमाता को प्रणाम कर देश भक्ति के भाव से भर जाएगा।

कमल पर खड़ी हैं भारत माता
कमल पर खड़ी भारत माता की कांस्य प्रतिमा की पेडस्टल समेत लंबाई लगभग 37 फीट है। नगरीय विकास और आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह और संस्कृति, पर्यटन एवं अध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर भी इस अवसर पर मौजूद रहीं।

Share:

Next Post

अजय की हत्या के बाद आक्रोशित भीड़ का पुलिस पर गुस्सा फूटा

Sun Aug 16 , 2020
पथराव किया, हंगामे के बाद किया गया अंतिम संस्कार तीन पुलिसकर्मी घायल, आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार,तीन फरार शाहजहांनाबाद पुलिस पर फिर लगे गंभीर आरोप भोपाल। राजधानी की शाहजहांनाबाद इलाका स्थित बाचपेयी नगर मल्टी के युवक की सटोरियों द्वारा निर्मम हत्या किए जाने के बाद क्षेत्र के लोग आक्रोशित हैं। लोगों का लगातार पुलिस पर गुस्सा […]