img-fluid

उफान पर नर्मदा, घाटों का बदला नजारा

August 20, 2026

जबलपुर। बरगी बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार पानी की आवक बढऩे के साथ ही नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बरगी बांध के नौ गेट खोले जाने के बाद नर्मदा के प्रवाह में तेजी आई है। बुधवार सुबह बांध का जलस्तर 421 मीटर दर्ज किया गया। बांध के नौ गेट करीब 0.78 मीटर की ऊंचाई पर खुले हुए हैं और इनसे लगभग 1231 क्यूमेक पानी प्रति सेकंड नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। पानी छोड़े जाने के बाद जबलपुर के प्रमुख नर्मदा घाटों का नजारा पूरी तरह बदल गया है। नर्मदा में बढ़ते जलप्रवाह का असर जबलपुर के गौरीघाट, तिलवारा, लम्हेटा और भेड़ाघाट सहित अन्य घाटों पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इन क्षेत्रों में नदी का जलस्तर करीब छह से सात फीट तक बढ़ गया है। सामान्य दिनों में जिन स्थानों पर श्रद्धालु बैठकर पूजन-अर्चन करते हैं, वहां अब नर्मदा का पानी पहुंचने लगा है। गौरीघाट में बढ़ते जलस्तर ने घाटों की तस्वीर बदल दी है।


  • शिवलिंग जलमग्न
    गौरीघाट पर त्रिशूल वाले पंडा के पास स्थित शिवलिंग भी बढ़ते जलस्तर की चपेट में आ गए हैं। पानी बढऩे के कारण शिवलिंग जलमग्न हो चुके हैं और अब उनका केवल ऊपरी हिस्सा ही दिखाई दे रहा है। बढ़ते जलस्तर के बीच नर्मदा की लहरें इन शिवलिंगों के आसपास से तेज गति से गुजर रही हैं। घाट पर जलस्तर बढऩे का असर पूजा-पाठ की व्यवस्थाओं पर भी पड़ा है। पंडों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए तख्ते पानी बढऩे की आशंका को देखते हुए समय से पहले ही हटा दिए गए हैं।

    दुकानें पीछे हटाईं गईं
    गौरीघाट के नदी किनारे लगी पूजा सामग्री की कई दुकानों को भी बढ़ते पानी को देखते हुए पीछे सड़क की ओर कर दिया गया है। दुकानदारों ने अपनी सामग्री को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है, ताकि अचानक जलस्तर बढऩे की स्थिति में सामान को नुकसान से बचाया जा सके। घाटों पर सामान्य दिनों की तुलना में लोगों की गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन की ओर से नदी के नजदीक जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।

    नजारा देखने उमड़े लोग
    नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढऩे के बाद बड़ी संख्या में लोग गौरीघाट और अन्य नर्मदा तटों पर पहुंचकर नदी का बढ़ा स्वरूप देखने लगे हैं। कई लोग तेज बहाव और बढ़ते पानी के वीडियो बनाते हुए भी नजर आए। हालांकि, नदी का यह बढ़ा हुआ स्वरूप आकर्षण का केंद्र जरूर बना हुआ है, लेकिन तेज बहाव के कारण खतरा भी बढ़ गया है। नदी किनारे खड़े होकर वीडियो बनाने या पानी के बेहद करीब जाने से हादसे की आशंका बनी हुई है। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

    घाटों पर बढ़ाई सुरक्षा
    नर्मदा के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए जबलपुर प्रशासन ने नदी तटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। गौरीघाट व अन्य संवेदनशील स्थानों पर मोटर बोट और होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा दल नदी किनारे की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और लोगों को खतरनाक स्थानों से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है। पुलिसकर्मी भी घाटों और नदी किनारे के इलाकों में लगातार गश्त कर रहे हैं। लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि वे नदी के आसपास भीड़ न लगाएं।

    तटवर्ती क्षेत्रों में अलर्ट
    जलस्तर बढऩे के साथ ही नर्मदा तट से लगे क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों को नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन की नजर बरगी बांध से छोड़े जा रहे पानी और नदी के जलस्तर पर लगातार बनी हुई है। फिलहाल बरगी बांध के नौ गेटों से पानी छोड़े जाने के बाद नर्मदा का प्रवाह तेज बना हुआ है। ऐसे में आने वाले समय में जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने घाटों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और नर्मदा के बढ़े जलस्तर को देखने के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

    Share:

  • स्व. ईश्वरदास रोहाणी स्टेडियम के पहुंच मार्ग का होगा निर्माण

    Thu Aug 20 , 2026
    कैंट विधायक अशोक रोहाणी ने किया निरीक्षण, सड़क के लिए एक करोड़ रुपए की राशि आवंटित जबलपुर। कैंट विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति देते हुए कैंट क्षेत्र के विधायक अशोक रोहाणी ने गोकलपुर स्थित दादा स्वर्गीय ईश्वरदास रोहाणी स्टेडियम के पहुंच मार्ग का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने सड़क […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved