
जबलपुर। शरद पूर्णिमा के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध भेड़ाघाट एक बार फिर नर्मदा महोत्सव की भव्य सांस्कृतिक छटा से सराबोर होगा। 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कार्यालय में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में महोत्सव को भव्य बनाने के साथ-साथ भेड़ाघाट की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान को बरकरार रखने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री राकेश सिंह ने निर्देश दिए कि महोत्सव में भजन, सूफी, शास्त्रीय और सेमी-क्लासिकल संगीत को प्राथमिकता दी जाए। चयनित कलाकारों को कार्यक्रम की प्रकृति और भेड़ाघाट की सांस्कृतिक गरिमा से पहले ही अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए।
फूड फेस्टिवल और स्थानीय संस्कृति भी बनेगी आकर्षण
महोत्सव में फूड फेस्टिवल, स्थानीय व्यंजनों और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों को शामिल करने पर भी विचार किया गया। स्कूली विद्यार्थियों को पेंटिंग, रंगोली सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोडऩे की योजना पर भी चर्चा हुई। दर्शकों और पर्यटकों की सुविधा के लिए शहर से कार्यक्रम स्थल तक बसों के स्थान निर्धारित करने तथा पार्किंग से आयोजन स्थल तक शटल वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा से लेकर गोताखोरों तक पुख्ता इंतजाम
महोत्सव के दौरान कार्यक्रम स्थल, धुआंधार, मुख्य द्वार, पार्किंग और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आयोजन स्थल की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच मार्ग की मरम्मत और नर्मदा क्षेत्र में सुरक्षा के लिए गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक सुशील तिवारी ‘इंदूÓ, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भेड़ाघाट नगर परिषद अध्यक्ष चतुर सिंह लोधी, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, ननि आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved