अपने आश्रम में ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं नामी संत, दर्शन को भीड़ उमड़ी
इन्दौर। नर्मदा किनारे (narmada kinaare) आश्रम (Ashram) बनाकर रह रहे निमाड़ के संत (Saints of Nimar) सियाराम बाबा (Siyaram Baba) के निधन की खबर ने कल उनके भक्तों को विचलित कर दिया। वे सही जानकारी के लिए परेशान होते रहे। बाद में मालूम चला कि वे स्वस्थ हैं और अपने ही आश्रम में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
आश्रम से जुड़े लोगों के अनुसार बाबा के स्वास्थ्य में कुछ खराबी आई थी और उसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी सेहत में सुधार हो गया था। खुद मुख्यमंत्री ने खरगोन कलेक्टर को संत सियाराम बाबा का ध्यान रखने को कहा है और उनकी स्वास्थ्यगत जानकारी अपडेट करते रहने के लिए कहा गया है। आश्रम से जुड़े राजीव पटेल के अनुसार कल जब उन्हें अस्पताल से आश्रम लाया गया था तो वहां भीड़ उमड़ गई थी और इसी का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर चला दिया था। लोगों को लगा कि सियाराम बाबा नहीं रहे और आश्रम के लोगों के फोन घनघनाने लगे। इंदौर और आसपास के शहरों से भी बड़ी संख्या में लोग सियाराम बाबा के दर्शन को जाते रहे हैं। वे भी मीडियाकर्मियों से जानकारी लेते रहे कि वीडियो में क्या सच्चाई है। हालांकि बाबा स्वस्थ हैं और वे अपने आश्रम में ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। बाबा के पास जाने की मनाही है और वे दूर से ही दर्शन दे रहे हैं। ऐहतियात के तौर पर बाबा के आश्रम पर पुलिस बल भी लगा दिया गया है, ताकि भीड़ उमड़े तो उसे नियंत्रित किया जा सके।