भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

मप्र में 3 वर्ष में कोई भी घर कच्चा नहीं रहेगा

  • मुख्यमंत्री ने कहा अशोक नगर को स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा
  • राजपुर में 244.92 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आगामी 3 वर्षों में प्रदेश का कोई भी घर कच्चा नहीं रहेगा, सरकार द्वारा आवास योजनाओं के अंतर्गत पक्के घर बनाने के लिए सहायता दी जा रही है। अब प्रदेश में गरीब, मजदूर, किसानों को किसी बात की चिंता नहीं करनी पड़ेगी, उनकी चिंता सरकार कर रही है। प्रदेश में संबल योजना को पुन: प्रारंभ किया गया है, यह गरीबों का सुरक्षा चक्र है। इसके माध्यम से विभिन्न प्रकार की सहायता गरीबों को उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री अशोकनगर जिले के राजपुर में विकास कार्यों के शिलान्यास/लोकार्पण अवसर पर जनता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में कुल 244.92 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण/शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में घोषणा की कि अशोकनगर को स्मार्ट सिटी बनाएंगे। यहां योजना के प्रावधानों के अनुरूप सारी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने अशोकनगर में आगामी वर्ष में कृषि महाविद्यालय खोले जाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड संकट के चलते प्रदेश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है, परन्तु जनता के कल्याण एवं प्रदेश के विकास के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। आवश्यकता होगी तो सरकार कर्ज लेकर कार्य कराएगी। प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।

जनता के कल्याण के लिए काम करेगी शिव-ज्योति एक्सप्रेस
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शिव-ज्योति एक्सप्रेस जनता के कल्याण एवं प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य करेगी। राज्य सरकार ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे काम धंधे करने वाले स्ट्रीट वेण्डर्स के कल्याण के लिए योजना प्रारंभ की है, जिसके अंतर्गत उन्हें 10-10 हजार रूपए की राशि बिना सुरक्षा एवं बिना ब्याज के उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य सरकार ने एक नई योजना चालू की है, जिसके माध्यम से किसानों को वर्ष में 4 हजार रूपए की राशि सम्मान निधि के रूप में प्रदाय की जाएगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत उन्हें वर्तमान में प्रतिवर्ष 6 हजार रूपए की राशि प्रदाय की जा रही है। अब किसानों को वर्ष में कुल 10 हजार रूपये सम्माननिधि मिलेगी। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मिलकर जनता के कल्याण एवं प्रदेश के विकास के निरंतर कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ उनकी यह संयुक्त शिव-ज्योति एक्सप्रेस निरंतर जनकल्याण में सक्रिय रहेगी। मुख्यमंत्री हमेशा प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए तत्पर रहते हैं। गत सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी थी जिन्हें मुख्यमंत्री श्री शिवराज ने पुन: प्रारंभ करवाया है।

Share:

Next Post

पोस्टल बैलेट वाले मतदाता घर से ही दे सकेंगे वोट

Fri Sep 25 , 2020
भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग ने पोस्टल बैलेट की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया है। आयोग द्वारा 3 तरह के वोटर्स को यह सुविधा प्रदान की गई है, जिसमें 80 वर्ष से अधिक के वोटर्स, पीडब्ल्यूडी वोटर्स (पर्सन्स विथ डिसएबिलिटीज) एवं कोविड-19 से प्रभावित व्यक्ति तथा कोविड-19 के संदिग्ध व्यक्ति शामिल हैं। उप मुख्य निर्वाचन […]