विदेश

उत्तर कोरिया ने फिर दागीं दो बैलिस्टिक मिसाइल, इस सप्ताह चौथी बार परीक्षण

सियोल। उत्तर कोरिया अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस के दक्षिण कोरिया दौरे और अमेरिका के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास के बाद से वह लगातार आक्रामक है। अब खबर है कि शनिवार तड़के उत्तर कोरिया की ओर से फिर से दो बैलेस्टिक मिसाइलें दागीं गई हैं। यह उत्तर कोरिया की ओर से इस सप्ताह किया गया यह चौथा मिसाइल परीक्षण है।

दक्षिण कोरियाई सेना की ओर से कहा गया है कि अमेरिका- दक्षिण कोरिया सैन्य अभ्यास के बीच परमाणु संपन्न राष्ट्र द्वारा किया गया यह चौथा मिसाइल परीक्षण है। दरअसल, दक्षिण कोरिया, जापान और अमेरिका ने शुक्रवार से ही सैन्य अभ्यास शुरू किया है। इससे पहल अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस गुरुवार को दक्षिण कोरिया के सियोल पहुंचीं थीं, जिसके बाद से लगातार उत्तर कोरिया मिसाइल प्रक्षेपण में जुटा हुआ है। इससे पहले उत्तर कोरिया ने गुरुवार को मिसाइल प्रक्षेपण किया था। बीते बुधवार को भी मिसाइल दागी गईं थीं। इसी सप्ताह उत्तर कोरिया ने एक और मिसाइल दागी थी।


हैरिस ने दक्षिण कोरिया की अपनी यात्रा के दौरान प्रतिद्वंद्वी कोरिया को अलग करने वाले विसैन्यीकृत क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने उत्तर कोरिया की ओर से बढ़ते खतरे के बीच अपने एशियाई सहयोगियों की सुरक्षा के लिए अमेरिकी प्रतिबद्धता पर जोर दिया। अमेरिका और दक्षिण कोरियाई नौसेना के जहाजों के कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्वी तट पर अभ्यास करने के बीच उत्तर कोरिया ने यह बैलिस्टिक मिसाइल दागी है।

कोरियाई प्रायद्वीप को बांटने वाले असैन्यीकृत क्षेत्र में पहुंचीं हैरिस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस अपनी एशिया यात्रा के दौरान कोरियाई प्रायद्वीप को बांटने वाले असैन्यीकृत क्षेत्र (DMZ) पहुंची। डीएमजेड का दौरा अमेरिकी नेताओं के लिए एक रस्म बन गई है, जिसके जरिये वे आक्रामकता के खिलाफ मजबूती से खड़े होने के अपने रुख को स्पष्ट करने की कोशिश करते हैं। यहां आने से पहले हैरिस ने दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति यून सुक से उनके सियोल स्थित कार्यालय में मुलाकात की और दोनों देशों के बीच संबंधों की सराहना की। मई में राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने वाले सुक ने हैरिस का दौरा दोनों देशों के बीच रिश्ते और मजबूत करने की दिशा में अहम बताया। हैरिस ने इस दौरे से पहले जापान यात्रा पर उत्तर कोरिया के अवैध हथियार कार्यक्रम की निंदा की थी।

Share:

Next Post

भारत में जल्‍द लॉन्‍च होगी Matter की पहली इलेक्ट्रिक बाइक, जानें फीचर्स में क्‍या मिलेगा खास

Sat Oct 1 , 2022
नई दिल्ली । टेक्नोलॉजी और ईवी स्टार्टअप कंपनी मैटर (Matter) ने भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल नवंबर 2022 में लॉन्च करने का ऐलान किया है। टेक्नोलॉजी स्टार्ट-अप ने भारत के लिए इन-हाउस बनी टेक्नोलॉजी (technology) को दिखाते हुए अपने पहले TechDay (टेकडे) की मेजबानी की। कंपनी ने इवेंट में अपने नए लोगो और […]