
इंदौर। विकाससिंह राठौर
शहर (Indore) में बिकने वाली खाने-पीने (Food and drink) की चीजों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) की जांच ने चिंता बढ़ाने वाले आंकड़े सामने रखे हैं। पिछले तीन महीनों में विभाग ने खाद्य पदार्थों के 1100 नमूने (samples) लिए, जिनमें से अब तक 541 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें 72 सैंपल जांच में फेल पाए गए। यानी जिन सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है, उनमें करीब हर आठवां सैंपल गुणवत्ता के मानकों पर खरा नहीं उतरा।
ये खुलासा खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा तैयार की गई पिछली तिमाही की रिपोर्ट में हुआ है। विभाग ने 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 के बीच यह सैंपलिंग की। विभाग को इस अवधि में 825 नमूने लेने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन अधिकारियों ने लक्ष्य से अधिक कुल 1100 नमूने लिए। हालांकि, लिए गए कुल नमूनों में से अभी 541 की ही जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें से 72 के फेल होने का मतलब है कि जांचे गए नमूनों में करीब 13.3 प्रतिशत नमूने मानकों पर सही नहीं पाए गए हैं।
आधे से ज्यादा रिपोर्ट्स का इंतजार
तीन महीने में विभाग ने लक्ष्य से 275 ज्यादा नमूने लिए। यानी निर्धारित लक्ष्य का करीब 133 प्रतिशत सैंपलिंग की गई, लेकिन प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने की रफ्तार इसके मुकाबले कम रही। कुल 1100 नमूनों में से अभी 541 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जबकि करीब 559 नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है। ऐसे में आने वाले समय में फेल सैंपलों की संख्या और बढ़ सकती है।
72 फेल सैंपल पर 25 प्रकरण दर्ज, 36 लाख का जुर्माना
विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 72 फेल सैंपलों के आधार पर अब तक 25 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें से 12 प्रकरणों का निराकरण हो चुका है। इन मामलों में दोषी पाए गए संबंधित कारोबारियों पर कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 36 लाख 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। बाकी मामले विचाराधीन हैं।
4.1 टन खाद्य सामग्री जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस दौरान करीब 4.1 टन खाद्य सामग्री जब्त की। इसमें 1750 लीटर मंथनश्री आनंद घी, 1050 किलो विभिन्न ब्रांड का संदिग्ध घी, 716 किलो एनालॉग मीठा मावा, 450 किलो लो फैट एनालॉग पनीर और 252 किलो घी व पनीर शामिल है। इसके अलावा 25 हजार लीटर गोवर्धन ब्रांड के संदिग्ध घी की बिक्री पर रोक लगाई गई।
बड़े होटल्स पर भी कार्रवाई
विभाग ने इस दौरान कई नामी होटल्स पर भी कार्रवाई की। होटल सयाजी के दोनों किचन में जांच के दौरान कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी, फंगस लगी मूंगफली और बिना पैकिंग व एक्सपायरी डेट के खराब खाद्य सामग्री मिली। इसके बाद दोनों किचन सील कर दिए गए और होटल का फूड लाइसेंस व बार लाइसेंस निलंबित किया गया, वहीं एडम्स एल रेस्टोरेंट में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के साथ पिस्ता, मिर्च पाउडर और सौंफ में कीड़े मिलने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया। इसके अलावा रेडिसन ब्लू, रेडिसन रेड, मैरियट, शेरेटन और फेयरफील्ड सहित शहर के कई बड़े होटलों की भी जांच कर कमियां मिलने पर नोटिस जारी किए गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved