
उज्जैन। आने वाले दिनों में किराया बढ़ाने की माँग पर बस ऑपरेटर हड़ताल पर जा सकते हैं। डीजल के भाव बढऩे के बाद यह माँग की गई है।निजी बस ऑपरेटरों ने एक बार फिर स्टेज कैरिज बसों का किराया बढ़ाने की मांग उठाई है। ऑपरेटरों का कहना है कि 5 साल से लगातार बढ़ती महंगाई, डीजल की कीमतों में वृद्धि और वाहनों के रखरखाव पर बढ़ते खर्च के कारण बस संचालन घाटे का सौदा बन गया है।
हालत यह है कि कई संचालक अपनी बसों का नियमित मेंटेनेंस तक नहीं करा पा रहे हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर भी असर पडऩे लगा है। बस संचालकों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता, लेकिन आर्थिक दबाव के कारण वाहन रखरखाव पर असर पड़ रहा है। इससे सुरक्षित संचालन प्रभावित हो सकता है। मई में डीजल के दाम चार बार बढ़े, जिससे संचालन लागत और बढ़ गई है। ऑपरेटरों ने सरकार से सामान्य बसों का न्यूनतम किराया पहले 5 किमी के लिए 14 रुपए तथा इसके बाद 2.50 रुपए प्रति किमी करने की मांग की है। ऑपरेटर्स का कहना है कि साल 2021 में किराया निर्धारण के दौरान बस संचालकों ने 1.65 रुपए प्रति किमी किराया निर्धारित करने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने केवल 1.25 रुपए की दर मंजूर की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved