
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों से हुए परेशान, सख्त कार्रवाई की हुई मांग
इंदौर। सोशल मीडिया (Social Media) पर आपत्तिजनक टिप्पणियों (Objectionable comments) से परेशान होकर इंदौर (Indore) के सिंधी समाज (Sindhi community) की विभिन्न पंचायतों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस से गुहार लगाई है। कल सभी पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे थे, जहां शिकायत बता सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस आयुक्त कार्यालय में की गई शिकायत में बताया गया है कि पिछले कुछ महीनों से कुछ लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर वाट्सऐप समूहों के माध्यम से सिंधी समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक, भड़काऊ और अमर्यादित टिप्पणियां प्रसारित कर रहे हैं। इन संदेशों में अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। पाकिस्तान से विस्थापित होकर भारत में बसे सिंधी समाज के लोगों को लेकर भ्रामक और भेदभावपूर्ण बातें फैलाई जा रही हैं। इससे समाज में अनावश्यक तनाव एवं वैमनस्य का वातावरण निर्मित हो रहा है। समाज के राजा मांधवानी और भगवानदास कटारिया ने बताया कि इसके अतिरिक्त कुछ व्यक्तियों द्वारा सामाजिक परंपराओं में हस्तक्षेप करने का भी प्रयास किया जा रहा है। सिंधी समाज की विभिन्न पंचायतों और संगठनों ने संयुक्त रूप से पुलिस आयुक्त इंदौर से आरोपियों के सख्त और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।