img-fluid

पुलिस की गाड़ी चलाने वाले के पास निकले 6 करोड़

October 14, 2026

पीटीएस के प्रधान आरक्षक के 15 ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा

इंदौर। लोकायुक्त पुलिस ने पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) इंदौर में पदस्थ प्रधान आरक्षक वाहन चालक फिरोज खान के 15 ठिकानों पर एक साथ छापा मारकर आय से 223 प्रतिशत अधिक, यानी करीब 6.26 करोड़ रुपए की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा किया है।


लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के मार्गदर्शन में आज सुबह 6 बजे फिरोज के इंदौर और देवास के 15 ठिकानों पर एक साथ सर्च कार्रवाई शुरू की गई। शिकायत के अनुसार फिरोज खान पुलिस विभाग की नौकरी से लगातार अनुपस्थित रहता था और अपने पद के प्रभाव का इस्तेमाल कर देवास क्षेत्र में विवादित जमीनों, प्लॉटों और संपत्तियों के सौदों में हस्तक्षेप करता था। उसने अपनी पत्नी, माता वहीदा खान और एक अन्य महिला रोशनी वर्मा के नाम पर कई बेनामी संपत्तियां खरीदीं। फिरोज खान की सेवा अवधि के दौरान वेतन से कुल आय लगभग 75 लाख रुपए और अन्य माध्यमों से मिलाकर कुल आय 1,93,84,440 रुपए आंकी गई थी, लेकिन जांच में उसके पास से 6,26,67,879 रुपए मूल्य की अनुपातहीन संपत्ति मिली, जो उसकी ज्ञात आय से 223 प्रतिशत अधिक है।


  • 22 बीघा जमीन में निवेश… कई मकानों का मालिक निकला पुलिस का प्रधान आरक्षक
    जांच में खुलासा हुआ कि सांवेर के ग्राम गुरान में एक पारिवारिक जमीनी विवाद का फायदा उठाकर आरोपी ने अपनी परिचित महिला रोशनी वर्मा के नाम से लगभग 21.75 बीघा कृषि भूमि का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करवा लिया, जिसकी आड़ में असल निवेशक फिरोज खान ही था।

    मां और पत्नी के नाम पर फर्म
    इसके अलावा आरोपी की माता और पत्नी के नाम पर ‘साहिल ट्रेडिंग कंपनीÓ नामक फर्म पाई गई है, जिसके बैंक खातों में करोड़ों रुपए के लेन-देन का पता चला है। वहीं रोशनी वर्मा की ‘रोशनी सेल्स एंड सर्विसÓ नामक फर्म और फिरोज खान द्वारा रियल इस्टेट में ‘रॉयल ग्रीन रियल स्टेटÓ के जरिए भारी निवेश की बात सामने आई है। मामले में भूमिका पाए जाने पर रोशनी वर्मा को भी सह-आरोपी बनाया गया है।


  • इंदौर और देवास स्थित 15 ठिकानों और संपत्तियों का विवरण
    लोकायुक्त की टीमों की जांच के दौरान देवास के 12-बी आदर्शनगर एवं 30 आदर्श नगर स्थित मकान सामने आया। इसके साथ ही बाणगंगा इंदौर के 379/6 महेश यादव नगर रोशनी वर्मा के निवास, स्कीम नंबर 94 इंदौर के मनोरमा अपार्टमेंट स्थित फ्लैट नंबर 102 व 202 जो फिरोज ने माता वहीदा खान के नाम खरीदे थे और श्रीनगर कॉलोनी मेन इंदौर स्थित श्रीदेवी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 505 पर कार्रवाई की गई। जमीनों और प्लाटों के विवरण में बागली देवास के ग्राम गजीपुरा की कृषि भूमियां, देवास के राधागंज में आवास व पुष्पकुंज कॉलोनी स्थित प्लाट के साथ ही भूखंड व देवास विकास प्राधिकरण की विजय नगर कॉलोनी स्थित एचआईजी जूनियर में मकान, देवास इंदिरा गांधी नगर के भूखंड क्रमांक 28 व 29 की जानकारी मिली है। इसके अलावा सांवेर में कृषि भूमि, जैतपुरा बायपास का व्यावसायिक भूखंड, कृषि भूमि बेनामी संपत्ति में शामिल पाई गई है।

    125 अधिकारियों और कर्मचारियों का अमला मुस्तैद
    सर्चिंग कार्रवाई के लिए इंदौर और उज्जैन लोकायुक्त की टीमों के 8 राजपत्रित अधिकारियों सहित लगभग 125 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के बल ने इंदौर के 4 और देवास के 11 स्थानों पर एक साथ धावा बोला।

     

    Share:

  • शाहरुख-काजोल से शुरू हुआ कॉफी विद करण का सफर, गोविंदा को नहीं मिला न्योता तो रेखा को बुलाने से क्यों झिझके करण

    Wed Oct 14 , 2026
    नई दिल्ली। करण जौहर (Karan Johar)का चर्चित टॉक शो कॉफी विद करण (Koffee with Karan)एक बार फिर मनोरंजन जगत (Entertainment World)में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्मी सितारों की निजी जिंदगी से जुड़े सवालों उनके रिश्तों और करियर के अनसुने किस्सों के साथ इस शो ने टेलीविजन की दुनिया में अलग पहचान बनाई है। […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved