
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में स्वास्थ्य विभाग की एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाली करतूत उजागर हुई है। एक तरफ जहां जिले के दूर-दराज़ इलाकों में गंभीर मरीजों को समय पर 108 एंबुलेंस न मिलने की शिकायतें आए दिन सामने आती रहती हैं, वहीं दूसरी तरफ जीवनदायिनी कही जाने वाली इस आपातकालीन सेवा का इस्तेमाल अब मरीजों की जगह सब्जियां और सवारियां ढोने के लिए धड़ल्ले से किया जा रहा है।
पूरा मामला शहर के हीरो होंडा चौक का है, जहां रविवार देर रात करीब 11:30 बजे बीच सड़क पर एंबुलेंस खड़ी कर उसके पीछे के दरवाजे खोले गए। एंबुलेंस के अंदर बने स्ट्रेचर की जगह सब्जियों से भरे कट्टे और बड़े-बड़े बोरे ठूंस-ठूंस कर लादे गए। इसके बाद बाहर खड़े एक युवक ने एक व्यक्ति को गाड़ी के पिछले हिस्से में बैठाकर गेट बंद कर दिया। थोड़ी दूर आगे जाने पर वह व्यक्ति गाड़ी के आगे वाले हिस्से में जाकर बैठ गया और चालक एंबुलेंस को तेज रफ्तार से भगा ले गया।
इस पूरी घटना का किसी राहगीर ने चुपके से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है और 108 एंबुलेंस की मॉनिटरिंग पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गेहलोत ने इसे बेहद संगीन मामला बताया है।
उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब एंबुलेंस में सब्जी ढोने की बात सामने आई है, जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला समन्वयक संतोष सिंह ने एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। सवाल अब भी कायम है कि जब किसी की सांसें अटकी हों, तब क्या सरकारी एंबुलेंस महज किराया कमाने की निजी मालगाड़ी बनकर रहेगी?
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved