देश बड़ी खबर राजनीति

किसान पंचायत में प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री को घेरा, कहा- विदेश जाने का समय लेकिन किसानों से मिलने का नहीं

बिजनौर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को बिजनौर में किसान महासभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोला और पूछा मोदी सरकार में क्या किसानों की आय दोगुनी हुई? प्रियंका ने कहा माना आपने भलाई के लिए कानून बनाए हैं, पर जब वो नहीं चाहते तो कानूनों को वापस लो। उन्होंने कहा, क्या मोदी सरकार जबरदस्ती किसानों की भलाई करेगी। मैं भाषण देने नहीं आई हूं, आपसे बातचीत करने आई हूं। उन्होंने किसानों से कहा आप हमें बनाते हैं। आप और हमारे बीच भरोसे का रिश्ता है और उसी रिश्ते के बल पर आप एक नेता को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा आपको इस बात की उम्मीद होती है कि वो नेता आपकी समस्याओं को उठाएगा और आपकी बात की सुनवाई होगी।


उन्होंने किसानों से बात करते हुए कहा कि जनता ने मोदी को दो-दो बार क्यों पीएम बनाया। प्रियंका ने कहा लोगों के मन में भरोसा रहा होगा कि वो आपके लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा पहली बार मोदी की सरकार आई तो बड़ी बड़ी बातें हुईं।

प्रियंका गांधी ने यहां सवाल किया कि 2017 से यहां गन्ने का मूल्य ही नहीं बढ़ा है। पीएम मोदी ने किसानों का बकाया पूरा नहीं किया, लेकिन अपने लिए 16 हजार करोड़ में हवाई जहाज खरीद लिया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार जो नए कानून लाई हैं, उससे उद्योगपति जमाखोरी कर सकते हैं।

पीएम मोदी अमेरिका, चीन और पाकिस्तान जा सकते हैं, लेकिन दिल्ली में बैठे किसानों से नहीं मिल सकते हैं। पीएम मोदी ने किसानों का मजाक उड़ाया और उन्हें आंदोलनजीवी और परजीवी बताया। मोदी जी देशभक्त और देशद्रोही में फर्क नहीं पहचान पाए।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जिन्होंने आपको सत्ता पर बैठाया है, उनका आदर करना चाहिए और इन कानूनों को वापस लेना चाहिए। इस सरकार के कार्यकाल ने गरीब और किसान की कमर तोड़ दी है और अमीरों की मदद की है। अपने भाषण के अंत में प्रियंका गांधी ने आंदोलन में जिन किसानों मौत हुई उनके लिए दो मिनट का मौन भी रखवाया।

इससे पहले मंच पर पहुंचने के बाद प्रियंका ने हाथ हिलाकर सभी कांग्रेस नेताओं और किसानों का अभिवादन किया। वहीं बिजनौर जाते हुए जगह-जगह प्रियंका के स्वागत में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा। बिजनौर के रास्ते हापुड़ में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। चांदपुर के रामलीला मैदान में हो रही किसान महासभा में भारी भीड़ जुटी है। उधर, पुलिस- प्रशासन द्वारा शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

प्रियंका गांधी व कांग्रेस के बाकी नेता किसानों को कृषि कानूनों के खिलाफ जागरूक कर रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व किसानों को महापंचायत में शामिल होने के लिए संपर्क किया गया था। इससे पहले, 10 फरवरी को प्रियंका गांधी ने सहारनपुर के चिलकाना में किसान महापंचायत को संबोधित किया था। प्रियंका गांधी ने मां शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन भी किए थे। इसके अलावा रायपुर स्थित खानकाह में हजरत रायपुरी की दरगाह में जियारत की थी।

Share:

Next Post

अनेक अर्थों में अनूठी होती है बसंत की दस्तक

Mon Feb 15 , 2021
– गिरीश्वर मिश्र सृष्टि चक्र का आंतरिक विधान सतत परिवर्तन का है और भारत का सौभाग्य कि वह इस गहन क्रम का साक्षी बना है। तभी ऋत और सत्य के विचार यहाँ के चिंतन में गहरे पैठ गए हैं और नित्य-अनित्य का विवेक करना दार्शनिकों के लिए बड़ी चुनौती बनी रही। यहाँ ऋतुओं का क्रम […]