बड़ी खबर

उत्‍तराखंड के 11वें CM बने पुष्‍कर सिंह धामी, 11 मंत्रियों ने भी ली पद की शपथ


देहरादून । 45 साल के पुष्‍कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) उत्‍तराखंड (Uttarakhand) के 11वें मुख्‍यमंत्री (11th CM) बन गए हैं। रविवार शाम देहरादून में आयोजित समारोह में उन्‍होंने सीएम पद की शपथ (Oath) ली। राज्‍यपाल बेबीरानी मौर्य ने उन्‍हें शपथ ग्रहण कराई। पिछले साढ़े चार सालों में उत्‍तराखंड को तीसरा सीएम मिला है। इससे पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत सीएम रह चुके हैं। धामी राज्‍य के सबसे कम उम्र के सीएम बन गए हैं।
धामी के साथ 11 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया। इनमें सतपाल महाराज, डॉ हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, डॉ धन सिंह रावत, बिशन सिंह चुफल, गणेश जोशी, अरविंद पांडे, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, यतेश्‍वरानंद और बंशीधर भगत का नाम शामिल है।


राजनाथ सिंह से नजदीकी आई काम
बताया जा रहा है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से नजदीकी धामी के मुख्यमंत्री बनने में काफी काम आई। 90 के दशक में उन्होंने लखनऊ में एबीवीपी के राष्ट्रीय सम्मेलन के संयोजन की जिम्मेदारी निभाई थी और इससे राजनाथ सिंह उनसे बहुत प्रभावित हुए थे। तब से लगातार धामी राजनाथ के संपर्क में बने रहे। धामी महाराष्ट्र के राज्यपाल और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के भी करीबी हैं। माना जाता है कि कोश्यारी उन्हें उंगली पकड़कर राजनीति में लाए थे।
दूसरी बार विधायक से सीएम की कुर्सी तक
पुष्कर सिंह धामी 2012 में पहली बार खटीमा सीट से विधायक बने। उन्होंने तब कांग्रेस के देवेंद्र चंद को करीब 5 हजार वोटों से अंतर से हराया था। 2017 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में धामी ने खटीमा से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। इस बार उन्होंने कांग्रेस के भुवन चंद्र कापड़ी को 3 हजार से कम अंतर से हराया। अब वह उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
छात्र राजनीति से CM तक का सफर
पुष्कर सिंह धामी का जन्म पिथौरागढ़ के टुंडी गांव में 16 सितम्बर 1975 को हुआ। लखनऊ विश्वविद्यालय से उन्होंने व्यावसायिक शिक्षा में पोस्टग्रेजुएशन किया है। 90 के दशक में ABVP में कई पदों पर रहे। दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। 2012 में खटीमा से विधानसभा पहुंचे। लगातार दूसरी बार खटीमा से ही विधायक बने।
उत्तराखंड के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचेंगी सेवाएं: धामी
इससे पहले, पुष्कर सिंह धामी ने कहा क‍ि मैं संकल्प लेता हूं कि उत्तराखंड के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक हमारी सरकार और सेवाएं पहुंचेंगी। जहां दुनिया के दूसरे देश अपनी प्रयोगशालाओं में COVID19 का निर्माण कर रहे हैं और वहीं हम विश्व बंधुत्व की भावना से दुनिया के दूसरे देशों को भी वैक्सीन दे रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि मेरा ये लक्ष्य होगा कि हमारे जो हज़ारों-लाखों भाई बेरोजगार हैं, उनको रोजगार से जोड़ने का काम हो।

Share:

Next Post

पीड़ित मानवता के चहेरे पर मुस्कान लाते हैं चिकित्सक : राज्यपाल

Sun Jul 4 , 2021
भोपाल। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल (Governor Smt. Anandiben Patel) ने कहा है कि भारतीय संस्कृति की रोगों के उपचार से बेहतर उनकी रोकथाम की मान्यता, योग की संकल्पना और स्वच्छता की परम्पराओं ने महामारी के बचाव में बहुत मदद की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता के चेहरे पर मुस्कान लाने की सामर्थ्य केवल चिकित्सकों […]