इंदौर न्यूज़ (Indore News)

राधास्वामी कोविड केयर में इलाज के साथ सुकून भी

आश्रम की तरह चल रही है मरीजों की दिनचर्या… सुबह योगा… समय पर नाश्ता और भोजन…
इंदौर।  राधास्वामी सत्संग परिसर (Radhaswami Satsang Campus) स्थित मां देवी अहिल्या कोविड केयर सेंटर (Maa Devi Ahilya covid Care Center) में पहुंचने के बाद ऐसा लगता ही नहीं है कि यहां किसी बीमारी का इलाज कराने के लिए भर्ती हुए हैं। यहां आ रहे लोगों को इस तरह की सुविधाएं मिल रही हैं, जिससे वे यहां आकर सुकून महसूस कर रहे हैं। किसी आश्रम की तरह यहां हर चीज समय पर होती है। सुबह चाय-नाश्ते से लेकर रात के खाने तक का समय तय है। लोगों को अपने बेड से उठने तक की जरूरत नहीं पड़ रही है, जिससे भर्ती हो रहे मरीज यहां के सुखद माहौल से जल्दी भी ठीक हो रहे हैं।
प्रदेश के सबसे बड़े कोविड केयर सेंटर (Covid Care Center)  पर कोरोना के एसिम्टोमेटिक या मामूली लक्षण वाले मरीजों को भर्ती किया जाता है। इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक श्रोत्रिय ने बताया कि यहां का माहौल इस तरह बनाया गया है कि किसी भी मरीज को यहां बंधन जैसा नहीं लगता। सभी काम नियमों के तहत और समय पर होते हैं, जिससे मरीजों को किसी भी तरह की शिकायत नहीं होती। सभी मरीजों का सुबह से लेकर शाम तक अच्छी तरह ख्याल रखा जाता है। यहां 1200 बेड हैं, जिनमें 100 बेड पोस्ट कोविड के मरीजों के लिए रखे गए हैं। साथ ही यहां तीसरी लहर को देखते हुए 100 बेड बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे हैं, जिसमें बच्चों के साथ उनकी मां भी रह सकती है। फिलहाल यहां पर 560 मरीज भर्ती हैं। प्रतिदिन यहां मरीज भर्ती होते हैं और डिस्चार्ज भी होते हैं।


काढ़ा और हल्दी वाला दूध बढ़ाता है इम्यूनिटी
कोविड के मरीजों के लिए सुबह 6.30 बजे से यहां दिनचर्या शुरू हो जाती है। सभी को सुबह 6.30 से 7 बजे के मध्य चाय दी जाती है, फिर सुबह 9 बजे नाश्ता, 11 बजे काढ़ा, 12.30 बजे लंच दिया जाता है। इसके बाद शाम को चाय और फिर 7.30 बजे रात का खाना दिया जाता है। सोते वक्त सभी को हल्दी वाला दूध दिया जाता है, यानी सुबह से लेकर रात तक मरीजों को पौष्टिक भोजन के साथ इम्यूनिटी (Immunity) बढ़ाने वाली चीजें भी दी जाती हैं।


योगा से दिन होता है तरोताजा, शाम को जुम्बा
कोविड सेंटर में आने वाले मरीजों को योग (Yoga) से जोडऩे का प्रयास किया जाता है। यहां सुबह 6 बजे योग व प्राणायाम करवाया जाता है। सेंटर में बने बड़े हॉल में योग क्रिया करने पहुंचते हैं। योग क्रिया से मरीजों का दिन तरोताजा हो जाता है। वे अपने आप को काफी हलका महसूस करते हैं। साथ ही शाम को जुम्बा डांस पर भी लोग झूमने को मजबूर होते हैं।


मनोरंजन के भी है भरपूर साधन
कोविड सेंटर में मरीजों के लिए मनोरंजन (Entertainment) की भी व्यवस्था की गई है। सुबह से सुगम संगीत बजाया जाता है तो दिन में बड़ी स्क्रीन पर फिल्में, धार्मिक कार्यक्रम तथा बच्चों के लिए कार्टून फिल्में भी दिखाई जाती हंै। कई बच्चे भी यहां भर्ती हैं। उनकी पसंद का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। भाप लेने के लिए भी गार्डन में विशेष व्यवस्था की गई है। लोगों को घूमने-फिरने के लिए विशेष पैसेज तैयार किया गया है।

Share:

Next Post

57 साल पहले ऐसे बीता था आज का दिन, बच्चे भी हो गए थे उदास

Thu May 27 , 2021
…जैसे ही पंडित नेहरू के निधन की खबर आई…बाजे-गाजे नहीं बजे इंदौर। 27 मई 1964 को राज्यसभा (Rajya Sabha) का विशेष सत्र चल रहा था…जिसमें प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरु (Prime Ministers Jawaharlal Nehru) कश्मीर व शेख अब्दुल्ला ( Sheikh Abdullah) के बारे में कुछ सवालों के जवाब देने आने वाले थे…संसद (Parliament) में यह खबर […]