देश

पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बनेगा छत्तीसगढ़ का राम वनगमन पर्यटन परिपथ

रायपुर। भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनके वन गमन की स्मृतियों को जीवंत बनाने के लिए राज्य के उत्तरी छोर कोरिया से लेकर दक्षिण में सुकमा तक राम वनगमन पर्यटन परिपथ का तेजी से विकास किया जा रहा है, परिपथ के चिन्हित स्थलों में पौराणिक प्राचीन स्वरूप को संरक्षित करते हुए विकसित किया जा रहा है।

आने वाले समय में छत्तीसगढ़ का राम वन गमन पर्यटन परिपथ देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण के प्रमुख केन्द्र के रूप में उभरेगा। छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक, पुरातात्विक, धार्मिक, सांस्कृतिक महत्व के अनेक स्थलों के साथ अनेक सुंदर प्राकृतिक स्थल और जलप्रपात भी हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इन स्थलों में पर्यटकों के रूकने की सुविधा सहित सभी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएं, तो छत्तीसगढ़ को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर स्थित निवास कार्यालय में राम वन गमन पर्यटन परिपथ की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन के विकास की व्यापक संभावना है। मुख्यमंत्री ने राम वन गमन पर्यटन परिपथ विकास के तहत प्रथम चरण में चयनित 9 स्थलों की प्रगति के साथ ही सिरपुर को हेरिटेज स्थल के रूप में बुद्धिष्ट थीम पर किए जा रहे विकास कार्य, मां बम्लेश्वरी देवी मंदिर डोंगरगढ, प्रज्ञागिरी स्थल का विकास, ट्रायबल टूरिज्म सर्किट के तहत हो रहे कार्यो की समीक्षा की। बैठक में पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव वन मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, पर्यटन सचिव अन्बलगन पी. एवं छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक यशवंत कुमार उपस्थित थे।

बैठक में सचिव पर्यटन ने प्रस्तुतिकरण के जरिए राम वन गमन पर्यटन परिपथ की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रथम चरण में 9 स्थलों-सीतामढ़ी-हरचौका (कोरिया), रामगढ़ (सरगुजा), शिवरीनारायण-खरौद (जांजगीर-चांपा), तुरतुरिया (बलौदाबाजार), चंदखुरी (रायपुर), सिहावा-सप्तऋषि आश्रम (धमतरी), रामाराम (सुकमा) का विकास किया जा रहा है। चंदखुरी में कौशिल्या माता मंदिर परिसर में तीन चरणों में कार्य किया जा रहा है, जिसमें से प्रथम एवं दूसरे चरण के 90 प्रतिशत विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि शिवरीनारायण में विकास कार्य प्रगति पर है। यहां प्रथम चरण के विकास कार्य दिसम्बर 2021 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। राम वन गमन पर्यटन परिपथ के चिन्हित 9 स्थलों में से 4 स्थल रामगढ़, तुरतुरिया, सिहावा-सप्तऋषि आश्रम एवं तीरथगढ़ वन क्षेत्र में होने के कारण यहां का कार्य वन विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है।

बैठक में बताया गया कि सिरपुर को हेरिटेज स्थल के रूप में बुद्धिष्ट थीम में विकसित करने के लिए 62 करोड़ 96 लाख रुपये लागत का कांसेप्ट प्लान तैयार किया गया है। इसका विकास तीन चरणों में प्रस्तावित है। ट्रायबल टूरिज्म के तहत 96 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 13 स्थलों को विकसित किया जा रहा है, इनमें से जशपुर में एथनिक पर्यटन ग्राम, कुनकुरी में मार्ग सुविधा केंद्र, कुरदर बिलासपुर में एथनिक टूरिस्ट डेस्टीनेशन डेवलपमेंट, सरोधा दादर में एथनिक पर्यटन ग्राम, गंगरेल में ईको एथनिक टूरिस्ट डेस्टीनेशन डेवलपमेंट, नथियानवागांव में मार्ग सुविधा केंद्र, कोण्डागांव में एथनिक टूरिस्ट डेस्टीनेशन डेवलपमेंट, जगदलपुर में एथनिक टूरिस्ट डेस्टीनेशन डेवलपमेंट और चित्रकोट में ईको एथनिक टूरिस्ट डेस्टीनेशन डेवलपमेंट का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि तीरथगढ़, मैनपाट एवं कमलेश्वरपुर में ईको एथनिक टूरिस्ट डेस्टीनेशन डेवलपमेंट और महेशपुर में मार्ग सुविधा केंद्र का कार्य आगामी सितम्बर माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

बैठक में जानकारी दी गई कि राम वन गमन पर्यटन परिपथ के विभिन्न स्थलों में एक लाख 68 हजार से अधिक पौधो का रोपण किया गया है। लगभग 36 करोड़ रुपये की लागत से 18 बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से कुछ पार्क राम वन गमन पर्यटन परिपथ की 10 किलोमीटर के परिधि में विकसित किए जा रहे हैं, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण के केन्द्र होंगे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

रेलवे भर्ती की एनटीपीसी परीक्षा 23 जुलाई से, 2.78 लाख अभ्यर्थी लेंगे भाग

Tue Jul 6 , 2021
नई दिल्ली। कोरोना महामारी की दूसरी लहर (second wave of corona pandemic) के कारण प्रभावित हुई रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की एनटीपीसी परीक्षा (NTPC Exam of Railway Recruitment Board (RRB)) की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। नॉन टेक्निकल पॉपुलर कटेगरी (एनटीपीसी) के विभिन्न पदों की परीक्षा का सातवां और अंतिम चरण 23 जुलाई से […]