
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की लापरवाही सामने आई है। दुष्कर्म की शिकार 40 वर्षीय महिला को मेडिकल जांच के लिए करीब पांच घंटे तक अस्पताल में इंतजार करना पड़ा। पीड़िता को लेकर पहुंची महिला पुलिसकर्मी महिला डॉक्टर की तलाश में अस्पताल में भटकती रही। आखिरकार अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद शाम को महिला डॉक्टर अस्पताल पहुंचीं और पीड़िता की मेडिकल जांच हो सकी।
जानकारी के अनुसार सांवरी चौकी से महिला एएसआई ऊषा जावरकर गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं थीं। लेकिन अस्पताल में महिला डॉक्टर मौजूद नहीं थीं, जिसके कारण एमएलसी नहीं हो सकी। महिला एएसआई ने कई बार महिला डॉक्टर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। इस दौरान पीड़िता घंटों तक अस्पताल में परेशान होती रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला एएसआई ने चौकी प्रभारी मुकेश द्विवेदी को पूरी जानकारी दी। इसके बाद चौकी प्रभारी ने सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद शाम करीब 6:10 बजे महिला डॉक्टर जिला अस्पताल पहुंचीं। इसके बाद पीड़िता की मेडिकल जांच और एमएलसी की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
बताया गया कि आरोपी ने दुष्कर्म के दौरान महिला के साथ झूमाझटकी भी की थी, जिससे उसे चोटें आई थीं। मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए घंटों अस्पताल में इंतजार करना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक महिला बुधवार रात गांव से खेत में बने घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसके रिश्ते के चाचा ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद गुरुवार सुबह पीड़िता अपने पति के साथ पुलिस चौकी पहुंची। यहां से महिला पुलिसकर्मी के साथ उसे मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved