
इंदौर। जून के महीने में भीषण गर्मी और अब उमस ने आमजन को बेचैन कर दिया है। इस बदलती मौसमी परिस्थितियों के बीच शहर सहित पूरे मालवा-निमाड़ अंचल में बिजली की मांग ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बिजली आपूर्ति का दावा किया जा रहा है, लेकिन खपत का ग्राफ लगातार ऊपर की ओर भाग रहा है।
पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के आंकड़ों के अनुसार जून के शुरुआती दो सप्ताह (14 दिन) में ही पूरे पश्चिम मध्यप्रदेश में दैनिक रूप से 9 से 10 करोड़ यूनिट बिजली की रिकॉर्ड आपूर्ति की जा रही है। अगर अकेले इंदौर शहर की बात करें, तो इस उमसभरे मौसम के कारण शुरुआती 14 दिनों में ही शहरवासी 18 करोड़ यूनिट से ज्यादा बिजली डकार चुके हैं। शहर में जून के इन दो हफ्तों में दैनिक औसत खपत 1.33 करोड़ यूनिट दर्ज की गई है, जो इस सीजन का उच्चतम स्तर है।
जिलेवार बिजली की दैनिक खपत
– इंदौर जिला-लगभग 2.25 करोड़ यूनिट (दैनिक)
– धार जिला-1.55 करोड़ यूनिट (दैनिक)
– खरगोन जिला-1.20 करोड़ यूनिट (दैनिक)
– उज्जैन जिला- करीब 86 लाख यूनिट (दैनिक)
– देवास जिला- 70 लाख यूनिट (दैनिक)
– रतलाम जिला-53.1 लाख यूनिट (दैनिक)
बिजली कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्रालय के कड़े निर्देशों का पालन करते हुए मांग के अनुरूप पर्याप्त बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों में सिंचाई व अन्य कार्यों के लिए रोजाना अनिवार्य रूप से 10 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। वहीं दूसरी ओर घरेलू, गैर-घरेलू (व्यावसायिक) और औद्योगिक क्षेत्रों में बिना किसी घोषित कटौती के चौबीसों घंटे निर्बाध बिजली वितरण का सिलसिला जारी है, ताकि इस उमसभरे मौसम में उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और उद्योगों का चक्का भी घूमता रहे।
उमस ने बढ़ाई कूलिंग की डिमांड
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ हवा में नमी (उमस) बढऩे के कारण घरों और दफ्तरों में एसी, कूलर और पंखे लगातार फुल स्पीड पर चल रहे हैं। यही वजह है कि जून के महीने में भी बिजली की मांग नहीं थम रही है और दैनिक खपत के नए आंकड़े सामने आ रहे हैं।
इंदौर जिला सबसे आगे, धार-खरगोन भी रेस में
मालवा-निमाड़ के जिलों में बिजली वितरण की स्थिति देखें तो इंदौर जिला मांग के मामले में सबसे शीर्ष पर बना हुआ है। धार-खरगोन भी रेस में हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved