
सुशांतसिंह राजपूत सुसाइड: रिया चक्रवर्ती ने पहले की थी CBI जांच की मांग
मुंबई। सुशांत सिंह राजपूत केस की जांच अब सीबीआई के हाथों में है। सीबीआई ने सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, उनके परिवार और कुछ दूसरे लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306, 341, 342, 420, 406 और 506 के तहत मामला दर्ज किया है। सीबीआई के मामला दर्ज करने के बाद रिया का बयान सामने आया है। सुशांत की मौत के करीब एक महीने बाद गृह मंत्रालय से सीबीआई की जांच कराने की अपील करने वाली रिया ने अब इसे इलिगल और फेडरलिज्म के खिलाफ बताया है।
रिया चक्रवर्ती ने कहा है कि सीबीआई को इस मामले से तब तक दूर रहना चाहिए, जब तक कि सर्वोच्च न्यायालय अपना फैसला नहीं दे देता। सीबीआई ने बिहार सरकार के एक अनुरोध के बाद रिया चक्रवर्ती और पांच अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, रिया ने गुरुवार शाम को एक बयान में इस केस में सीबीआई जांच को किसी भी ज्ञात कानूनी सिद्धांतों से परे और राष्ट्र के संघीय ढांचे को प्रभावित करने वाला और पूरी तरह से अवैध बताया।
रिया चक्रवर्ती ने फिर कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत मुंबई में हुई, तो केस की जांच भी मुंबई पुलिस को करनी चाहिए। उन्होंने कहा बिहार पुलिस ने मामले को ट्रांसफर कर दिया। मुंबई पुलिस के बजाय मामला सीबीआई के पास चला गया, जिसे इस केस में जांच करने का कोई अधिकार नहीं था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved