भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

सागरः सेल्फी पॉइंट में तोड़फोड़ को लेकर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विवाद, पुलिस ने बरसाई लाठियां

सागर। जिले के खुरई तहसील मुख्यालय पर गुरुवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हुआ। इसके बाद पुलिस को लाठियां बरसानी पड़ी। सेल्फी पाइंट में हुई तोड़फोड़ को लेकर ये पूरा विवाद हुआ। भाजपा कार्यकर्ता तोड़फोड़ के आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे तो वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता इस मामले में अपने कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामले का विरोध कर रहे थे, तभी महाकाली टीनशेड में दोनों दलों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। धक्का-मुक्की के साथ जमकर तोड़फोड़ हुई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस पूरे बवाल में 100 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घायल हो गए। सूचना पर नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक खुरई में बने सेल्फी पाइंट को तोड़ दिया गया था। गुरुवार को भाजपा तोड़फोड़ करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन करने गई थी। वहीं कांग्रेस इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे प्रकरण बनाए जाने को लेकर एकत्रित हुए थे। इसी दौरान दोनों तहसील कार्यालय में दोनों कार्यकर्ता सामने आ गए जहां विवाद हो गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं के मुताबिक इस दौरान पुलिस ने लाठी भांजी। इससे कुछ पत्रकारों को भी चोटें आई हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और खुरई के पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे का कहना है कि पिछले दिनों सेल्फी पाइंट पर हुई तोडफोड़ को लेकर कांग्रेस के आठ कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। इसी के विरोध में नगर पालिका परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए थे। हम वहां शांति पूर्ण ढंग से प्रदर्शन का ज्ञापन सौंपने गए थे, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थिति को बिगाड़ा।

भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चलाए जाने की सूचना के बाद मंत्री भूपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। वे कार्यकर्ताओं साथ कुछ देर तक धरने पर बैठे लेकिन पुलिस के आश्वासन पर उठ गए। इस दौरान कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस थाने लाई है।

बताया गया है कि 17 जनवरी को ऑफिसर कॉलोनी में एसडीएम बंगले के पास सेल्फी पाइंट को अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया था। इसके अलावा सहोद्रा राय वार्ड में भी सेल्फी प्वाइंट को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जिसके बाद पुलिस ने आठ लोगों पर मामला दर्ज कर लिया था। उसी को लेकर जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि आठ लोगों को झूठे मामले में फंसाया गया है वहीं भाजपा आरोपितों की गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

नीमचः दलित दूल्हे को घोड़ी पर चढ़ने से रोका, पुलिस की सुरक्षा में निकाली बारात

Fri Jan 28 , 2022
नीमच/भोपाल। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में गुरुवार को दलित दूल्हे को घोड़ी पर चढ़ने से पहले ही दबंगों ने बवाल मचा दिया। उसे मंदिर के सामने से निकलने से मना कर दिया। दबंगों से डरे परिवार ने पुलिस से सुरक्षा मांगी। पुलिस गांव पहुंची और दूल्हे को घोड़ी पर बैठाया। डीजे की धुन पर धूम […]