भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

शिवराज ने मध्यप्रदेश को बताया विकसित राज्य

  • जन आशीर्वाद में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा…
  • चंद्रयान चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पहुंच गया, कांग्रेस राहुलयान 20 सालों से लॉन्च ही नहीं हुआ

भोपाल। कुछ पार्टियों ने भानमती का कुनबा बना लिया है। 28 पार्टियों का का गठबंधन बना, नाम दिया इंडिया। ये लोग गर्त में डूबने जा रहे हैं। आज भारत सूरज और चांद पर जा रहा है। चंद्रयान-3 चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंच गया, लेकिन कांग्रेस का राहुलयान 20 सालों से लॉन्च ही नहीं हुआ। यह बात रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारम्भ कार्यक्रम में कही। भाजपा द्वारा प्रदेश में जनता से आशीर्वाद लेने के लिए 5 जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। नीमच से सोमवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, भाजपा वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय उपस्थित थे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, मैं आपके मुख्यमंत्री के भाषण को सुन रहा था। आपके मामा शिवराज सिंह चौहान राजनीति के धोनी हैं। ये न शुरुआत अच्छी करते हैं फिनिशिंग भी अच्छी करते हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, शिवराज सिंह चौहान ने जनता की सेवा की है इसलिए वे जन-जन के नेता हैं। नीमच सहित मालवा का पूरा क्षेत्र मध्यप्रदेश का इंजन माना जाता है। शिवराज सिंह चौहान ने सीएम रहते हुए क्या किया है क्या नहीं किया वो आप अच्छी तरह जानते हैं। उनके दिल में गरीबों के लिए संवेदना हैं। उन्होंने बीमारू राज्य को विकसित राज्य बना दिया। आपने कांग्रेस का मुख्यमंत्री भी देखा है। शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश की जनता की सेवक की तरह सेवा की है।

मैं कमलनाथ नहीं हूं जो कह दे, क्या करें हमारे पास पैसा ही नहीं: शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, जिनके नेतृत्व में आज भारत की सैन्य शक्ति मजबूत हुई है ऐसे देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मध्यप्रदेश की धरती पर हार्दिक स्वागत करता हूँ। किसान भाइयों से कहना चाहता हूँ कि बारिश नहीं होने से फसलों पर संकट खड़ा हो गया है, प्रदेश में अच्छी वर्षा के लिए आज मैनें महाकाल महाराज से प्रार्थना की है। किसान भाइयों, चिंता मत करना भाजपा सरकार तुम्हारे हर संकट में साथ खड़ी है, बारिश नहीं होने के संकट से भी आपको बाहर निकालकर ले जाएगी। मैं कमलनाथ नहीं हूँ जो कह दे, क्या करें हमारे पास पैसा ही नहीं है। सीएम शिवराज ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, कांग्रेस ने एक कुनबा जोड़ा है, जिनके नेता सनातन को खत्म करने की बात कहकर हिंदू धर्म का अपमान कर रहे हैं। क्या इस तरह के गठबंधन देश का भला कर सकते हैं! मेडम सोनिया गांधी जी क्या सनातन को खत्म करने के लिए ही आपने गठबंधन बनाया है? सनातन को कोई खत्म नहीं कर सकता।


कोरोना काल में पीएम ने चुनौती को स्वीकार किया
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के सामने तेजी से आगे बड़ा है। 23 देशों के सर्वे में आधे से अधिक देशों ने स्वीकारा है कि, भारत दुनिया का नेतृत्व करने में तेजी से आगे बड़ा है। कोरोना काल में हमारे पीएम ने चुनौती को स्वीकार किया। पीएम ने अपने देश के वैज्ञानिकों का हौसला बुलंद किया और देश में वैक्सीन तैयार हुई। यह करिश्मा है पीएम मोदी का। हम केवल अपने देश को ही नहीं पूरे विश्व को अपना परिवार मानते हैं। 100 से अधिक देशों को हमने वैक्सीन भिजवाई।

कांग्रेस हर चुनाव में गरीबी हटाओ का नारा देती है
राजनाथ सिंह ने कहा, मोदी जी ने मध्यप्रदेश में 2 लाख आवास स्वीकृत किये थे। लेकिन कमलनाथ ने इसे लागू नहीं किया। पुरानी योजना को बंद कर दिया और केंद्र की योजना को रोक दिया। शायद ही कोई सरकार इतनी असंवेदनशील हो सकती है जो कहे की हम मकान बनाएंगे ही नहीं। ये कांग्रेस हर चुनाव में गरीबी हटाओ का नारा देती है लेकिन गरीब, गरीब रहता चला गया। अभी नीति आयोग की रिपोर्ट आई है कि, मोदी जी के नेतृत्व में 13 करोड़ लोग गरीबी के बहार निकल गए। अब शायद ही भारत में कोई अति गरीब हो।

देश की अर्थव्यवस्था में मप्र का योगदान 4.8 प्रतिशत
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मध्यप्रदेश की तरक्की की बात करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है, इसमें मध्यप्रदेश का भी बहुत बड़ा योगदान है। 2003 से पहले मध्यप्रदेश की जीडीपी 71 हजार 594 करोड़ थी, जो आज 13 लाख 82 हजार करोड़ हो गई है। देश की अर्थव्यवस्था में मध्यप्रदेश का योगदान लगभग 3 प्रतिशत था, जो आज बढ़कर 4.8 प्रतिशत हुआ है। जो भारत पहले दुनिया की अर्थव्यवस्था के आकार में 10 नंबर पर था वो भारत आज 5वें स्थान पर आ गया है, पीएम मोदी के नेतृत्व में ये करिश्मा हुआ है।

सनातन में धर्म-जाति के नाम पर कोई भेदभाव नहीं
राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम में कहा, ये लोग सनातन को समाप्त करने की बात कर रहे हैं। हमारे यहां सर्प को भी दूध पिलाकर उसके त्रिजीवी होने की कामना करते हैं। सनातन में धर्म – जाति के नाम पर कोई भेदभाव नहीं है, लेकिन कांग्रेस के एक घटक के नेता ने सनातन के खिलाफ जो टिप्पणी की है क्या कांग्रेस को ऐसे घटक से अलग नहीं हो जाना चाहिए! सनातन का विरोध करने वालों को वोट के माध्यम से मुँह तोड़ जवाब देना चाहिए।

Share:

Next Post

सीएम राइज स्कूलों में भी रखे जाएंगे अतिथि शिक्षक

Sun Sep 10 , 2023
स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के स्कूलों में 50 हजार से अधिक शिक्षकों के पद खाली भोपाल। मध्य प्रदेश के सीएम राइज स्कूलों में भी शिक्षकों का टोटा है। यही कारण है कि इन स्कूलों में भी अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। जनजातीय कार्य विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। […]