भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

शिवराज, सिंधिया, तोमर, उमा भारती व वीडी शर्मा जुटे रोड शो में

  • उपचुनाव प्रचार के आखिरी चरण में नेताओं ने झोंकी पूरी ताकत

भोपाल। उपचुनाव का प्रचार अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। चुनावी सभाओं के बाद अब भाजपा के प्रमुख नेता रोड शो कर प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास करेंगे। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सासंद विवेक शेजवलकर, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य शाम 4:30 बजे ग्वालियर में नदी गेट से रोड शो प्रारंभ करेंगे। सभी नेता एक वाहन में रहेंगे। रोड-शो में ग्वालियर पूर्व विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मुन्नालाल गोयल व ग्वालियर विधानसभा सीट से प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर मौजूद रहेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने बताया कि ग्वालियर पूर्व विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मुन्नाालाल गोयल के साथ भाजपा के सात प्रमुख नेता नदी गेट से रोड शो प्रारंभ करेंगे। जो जयेंद्रगंज, इंदरगंज चौराहा से ऊंट पुल तक पहुंचेगा। यहां से लोहिया बाजार के लिए टर्न लेगा और नया बाजार होते हुए दाल बाजार से वापस जयेंद्रगंज चौराहा पर आकर समाप्त होगा। भाजपा का दूसरा रोड शो ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के सेवानगर से शुरू होगा। इसमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ ग्वालियर विधानसभा सीट से प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर मौजूद रहेंगे। रोड शो सेवानगर से प्रारंभ होकर किला गेट, हजीरा चौराहा से चार शहर का नाका की तरफ टर्न लेगा। इसके बाद नौ नंबर पुलिया से वापस हजीरा होते हुए तानसेन रोड पर आकर समाप्त होगा।

तोमर व उमा भारती बेमन से कर रहे चुनावी प्रचार: अजय सिंह
कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने गुरुवार को अंबाह विधानसभा के पोरसा बस स्टैंड में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने एक बार फिर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर का नाम लेकर भाजपा पर निशाना साधा। अजय सिंह ने कहा कि सरकार गिरने के बाद जोर शोर से चर्चा थी कि दिल्ली से नरेन्द्र सिंह तोमर मुख्यमंत्री की शपथ लेंने आ रहे हैं। लेकिन एक व्यक्ति की वजह से हमारे मुन्नाा भैया नरेन्द्र सिंह तोमर मुख्यमंत्री नहीं बन सके। अब बेमन से भाजपा के लिए चुनावी प्रचार में लगे है। मजदूरी है लेकिन मन नहीं है काम करने की, औपचारिकता निभा रहें हैं। अजय सिंह ने अपने भाषण के दौरान उमा भारती का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आज की खबर है मेहगांव से उमा भारती नाराज होकर वापस चलीं गई। अब बहाना ढूंढ रहे है कि सभा में व्यवस्थाएं ठीक नहीं थी, इसलिए चलीं गई। दोनों ही यह जानते है कि घमंडी कांग्रेस छोड़कर यहां आ गया। उन्होंने सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि कमलनाथ सरकार बेहतर काम कर रही थी, जिस पर भाजपा को लगा कि अगर इसी तरह काम होता रहा तो फिर भाजपा कभी नहीं आ सकेगा। उन्होंने मोहरा खोजना शुरू किया। उन्हें वही व्यक्ति मिला जिसके परिवार के बारे में आप सब जानते हैं, अब क्या कहें उनके बारे में। सिंधिया ने विधायकों को बैंगलूरू की मंडी में जाकर बेच दिया। अब यह भाजपा और कांग्रेस का चुनाव नहीं रह गया है यह चुनाव अब विकाऊ और टिकाऊ का चुनाव रह गया है। दुकानदार भी वापस नहीं लेता बिकाऊ सामान को। संबंध अच्छे होंगे तो उसके बदले में कुछ दे देगा। मैं अच्छी तरह जानता हूं कि मुरैना की तासीर अलग है। मेरे पिताजी से एक बार किसी ने पूछा कि आपको कौन सा जिला पसंद है कि तो उन्होंने मुरैना को सबसे पसंद का जिला बताया। तर्क दिया था कि यहां के लोग दिल के साफ है और जो कहना है तो कह देते हैं। चाहे बुरा लेग या भला। यहां 5 सीटों पर चुनाव है पांचों सीट पर कांग्रेस चुनाव जीतेगी।

Share:

Next Post

कम अंतर से कांग्रेस की जीत वाली 6 सीटों पर भाजपा का फोकस

Fri Oct 30 , 2020
भोपाल। मध्य प्रदेश के उपचुनाव में जीत के लिए भाजपा पूरा दमखम लगा रही है। वहीं मंत्रियों, सांसदों और पूर्व मंत्रियों को भी हर एक सीट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जीत के लिए भाजपा का पूरा फोकस कम अंतर से जीतने वाली 6 सीटों पर है। जहां 2018 के चुनाव में 6 सीटें 10 […]