भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

शिवराज को भा रहे ग्रामीणों के नवाचार

  • गांवों की तस्वीर बदलने को लॉकल फॉर वोकल पर काम शुरू

भोपाल। कोरोना संकट के चलते उपजे हालातों से निपटने के लिए सरकार ने लॉकल फोर वॉकल पर काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को गांव में ही काम मिले। राज्य सरकार की पहल पर ग्रामीणों ने कई नवाचार शुरू किए हैं, जो मुख्यमंत्री को पसंद आ रहे हैं। अब वे इस तरह के नवाचारों को गांवों में बढ़ावा देना चाहते हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जब कान्हावाडी की कांति देवी ने कोविड-19 के दौरान नक्षत्र वाटिका विकसित करने के बारे में बताया, तो चौहान ने कहा कि यह पहल आपदा को अवसर में बदलने का सटीक प्रमाण है। धार जिले के अनसिंह गंगाराम ने मांडव के पासे बने फासिल पार्क में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी तो मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इसे देखने जरूर आएंगे। फॉसिल पार्क में डायनासोर के अंडों सहित दुर्लभ जीवाश्म का संग्रह है।

रोजगार का सृजन जरूरी
सर्वविदित है कि कोविड-19 के कारण यह वर्ष सभी के लिए असाधारण और चुनौतीपूर्ण रहा है। राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण अपने गृह ग्रामों में लौटे और स्थानीय श्रमिकों को राहत देने के लिये काम के अवसर सृजित करना जरूरी था। मुख्यमंत्री चौहान ने इसे अपनी जिम्मेदारी मानते हुए गांव-गांव में कार्य आरंभ किये। प्रदेश में 7 लाख 81 हजार कार्य आरंभ कर 79 लाख 80 हजार श्रमिकों को रोजगार दिलाया गया। इन कार्यों ने मजदूरों को आजीविका तो दी ही, साथ ही प्रदेश में सृजन का नया अध्याय आरंभ कर दिया।

नक्षत्र वाटिका से पहले रहे 400 परिवार
बैतूल जिले की कान्हावाडी ग्राम पंचायत में विशाल नक्षत्र वाटिका बनकर तैयार है। दरअसल कान्हावाड़ी में 400 परिवारों को काम देने की चुनौती थी। साथ ही 13 श्रमिक भी अन्य क्षेत्रों से यहां आये थे। ग्राम पंचायत ने औषधियों और पोषण से जुड़े पेड़ पौधे लगाने का अभियान शुरू किया। इस गतिविधि से पूरी नक्षत्र वाटिका विकसित करने की दिशा में काम आरंभ हो गया। ग्राम पंचायत ने नवाचार के तहत नक्षत्र वाटिका स्वीकृत की। जिसे मनरेगा और 14वें वित्त आयोग से जोड़ा गया। कुल 12 हजार हेक्टेयर फीट में तैयार वाटिका में 27 नक्षत्र, 12 राशि और 9 गृहों की दिशा के अनुरूप नक्षत्र, राशि और गृहों के सूचक पौधे रोपे गए हैं। वाटिका में एक्युप्रेशर ट्रैक, पाथ वे, सात प्रकार की तुलसी के पौधों का ‘तुलसी कानन’ बनाया गया है। औषधि कानन और पोषण वाटिका भी इसी परिसर का भाग है। लॉकडाउन की अवधि में कान्हावाड़ी ग्राम पंचायत ने 534 लोगों को मनरेगा के तहत कार्य प्रदान कर 19 हजार 945 मानव दिवस सृजित किए। नक्षत्र वाटिका को विकसित करने में मुख्यत: गांव की महिलाओं ने मिस्त्री का कार्य किया। कोरोना लॉकडाउन के बाद कांति जैसी कई महिलाओं को पंचायत में ही काम मिलने से किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

लॉकडाउन में मनरेगा से बना दिया फॉसिल पार्क
धार जिले में मांडव से लगे हुए ग्राम सुलीबर्डी में फॉसिल पार्क विद्यमान है। विकासखंड नालछा का यह क्षेत्र 6.5 करोड़ वर्ष पूर्व डायनासोर का विचरण क्षेत्र रहा है। इस क्षेत्र की खुदाई के दौरान मिले अवशेषों को फॉसिल पार्क में संग्रहित किया गया है। मनरेगा के अंतर्गत इस फॉसिल पार्क को विकसित करने के लिए 35.66 लाख रुपए की लागत से तालाब, बोल्डरवाल, लेवलिंग कार्य और अन्य गतिविधियां संचालित की गई। ग्राम पंचायत सुलीबर्डी के अनसिंह, गंगाराम और सुखीबाई गिरधारी जैसे कई लोगों ने कोविड-19 से बचाव के लिये सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुये मुंह पर मास्क लगा के काम किया। लॉकडाउन में अपने गांव में ही काम मिलने का संतोष ग्रामीणों की आंखों में बखूबी झलक रहा है।

Share:

Next Post

उपचुनाव को प्रभावित करने कांग्रेसियों पर झूठे केज दर्ज करा रही भाजपा

Sun Aug 23 , 2020
पूर्व मुख्यमंत्री ने गठित की पांच सदस्यीय समिति भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आरोप लगाए हैं कि भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें प्रताडि़त किया जा रहा है। भाजपा सरकार एवं उनके तथाकथित नेताओं का यह प्रयास उपचुनाव को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने ऐसे […]