
सिहोरा। नगर पालिका चुनाव की तैयारियों के बीच सिहोरा में वार्ड परिसीमन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। सूत्रों के हवाले से चर्चा है कि आगामी चुनाव से पहले नगर पालिका क्षेत्र में 4 से 7 नए वार्ड बढ़ाए जाने की कवायद चल रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि बढ़ती आबादी और नगर पालिका क्षेत्र के विस्तार को आधार बनाकर नए वार्डों के गठन की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। यदि वार्डों की संख्या बढ़ती है और मौजूदा सीमाओं में बदलाव होता है तो कई पार्षदों के पारंपरिक वार्डों का भूगोल बदल सकता है। ऐसे में आगामी चुनाव में दावेदारों को नए क्षेत्र और नए मतदाता समीकरण के साथ चुनावी रणनीति बनानी पड़ सकती है।
अध्यक्ष पद के प्रत्यक्ष चुनाव की चर्चा ने बढ़ाई दावेदारों की सक्रियता
नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। यदि अध्यक्ष का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होता है तो संभावित दावेदारों का पूरा फोकस पार्षद चुनाव के बजाय सीधे शहर के मतदाताओं तक पहुंच बनाने पर रहेगा। इससे स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल 4 से 7 नए वार्ड बढऩे और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर कोई आधिकारिक आदेश या अधिसूचना सामने नहीं आई है। ऐसे में अंतिम स्थिति प्रशासनिक निर्णय और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। लेकिन संभावित परिसीमन की चर्चाओं ने सिहोरा के राजनीतिक गलियारों में जरूर हलचल बढ़ा दी है।
जनगणना के आंकड़ों पर टिकी परिसीमन की प्रक्रिया
सूत्रों के अनुसार, परिसीमन की प्रक्रिया में जनसंख्या के अंतिम आंकड़े महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जनगणना की अंतिम रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण वार्डों की संख्या और सीमांकन को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। यही वजह है कि संभावित बदलाव को लेकर चर्चाएं तो तेज हैं, लेकिन आधिकारिक तस्वीर सामने नहीं आई है।
स्कूल और सरकारी भवन बन सकते हैं सीमांकन के आधार
चर्चा यह भी है कि नए वार्डों के सीमांकन में स्थानीय स्कूलों और प्रमुख सरकारी भवनों को भौगोलिक केंद्र के तौर पर ध्यान में रखा जा सकता है। इनके आसपास के रिहायशी क्षेत्रों और मतदाता संख्या के आधार पर वार्डों की सीमाएं तय करने पर विचार होने की बात सामने आ रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved