
- उपचार कराने आए मरीज ने की हरकत
उज्जैन। जिला अस्पताल की मनोरोग चिकित्सा ओपीडी में उपचार के लिए आए एक मरीज ने ओपीडी इंचार्ज डॉ. राकेश मीणा पर चप्पल फेंककर हमला करने का प्रयास किया। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि डॉ. मीणा और वहां मौजूद नर्सिंग स्टाफ को कोई चोट नहीं पहुंची।
डॉ. मीणा के अनुसार मनोरोग ओपीडी में प्रतिदिन करीब 35 से 40 मरीज इलाज के लिए आते हैं। शुक्रवार को एक मरीज उपचार के लिए पहुंचा था। इसी दौरान उसने अचानक चप्पल फेंक दी और मौके से भाग गया। घटना के बाद ओपीडी में मौजूद स्टाफ और मरीजों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना के संबंध में डॉ. मीणा ने सिविल सर्जन को लिखित शिकायत देकर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि मनोरोग ओपीडी में ऐसे मामलों की आशंका बनी रहती है, इसलिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक है। घटना के बाद से मनोरोग चिकित्सा ओपीडी के कर्मचारियों में भय का माहौल है। स्टाफ ने भी अस्पताल प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।