उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

पौने दो लाख रुपए रोज के चालान ठोक रही है स्मार्ट सिटी कंपनी, लोग परेशान

  • पिछले 10 दिनों में स्मार्ट सिटी कंपनी ने नियम तोडऩे वालों को भेजे 17 लाख 50 हजार से ज्यादा के ई चालान
  • फोन करने वाली लड़कियाँ बदतमीजी से बात करती हैं

उज्जैन। शहर के 16 ट्राफिक सिग्नल वाले चौराहों पर लगे आधुनिक कैमरों की नजर में रेड लाईट नियम का उल्लंघन करते सैकड़ों वाहन चालक कैद हो रहे हैं। शहर में औसतन रोजाना 350 वाहन चालक नियम की अनदेखी कर रहे हैं। इस पर स्मार्ट सिटी कंपनी उन्हें रोज लगभग पौने 2 लाख रुपए के ई चालान भेज रही है। पिछले 10 दिनों में ही इस तरह के 17 लाख 50 हजार से ज्यादा राशि के चालान भेज दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी योजना में लगभग साढ़े 17 करोड़ की लागत से शहर के 16 प्रमुख चौराहों पर इंटीग्रेटेड ट्राफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाए गए हैं। यहाँ पर ट्राफिक सिग्नलों के अलावा सिस्टम में आधुनिक सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगाए गए हैं जो तेज गति से भागते हुए वाहनों की साफ तस्वीर लेने में सक्षम है। इसके अलावा यहीं पर स्पीड गवर्नर भी लगे हुए हैं। सभी 16 जगह के ट्राफिक सिस्टम को स्मार्ट सिटी कार्यालय में बने कमांड एंड कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। पिछले दो साल से स्मार्ट सिटी कंपनी ने यातायात के नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों को ई चालान भेजना भी शुरु कर दिए हैं।


स्मार्ट सिटी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शहर के विभिन्न चौराहों पर जहाँ आधुनिक इंटीग्रेटेड के कैमरे लगे हैं वहाँ से कंट्रोल रूम पर आने वाली तस्वीरों की सतत निगरानी की जाती है जिसमें शहर में रोजाना लगभग 325 से 400 लोग इन चौराहों पर रेड लाईट का उल्लंघन करते कैमरों में कैद हो रहे हैं। उन वाहन चालकों की नंबर प्लेट की तस्वीर संबंधित वाहन चालक को 500 रुपए के ई चालान के साथ भेजी जा रही है। इसमें नियम तोडऩे वालों को हिदायत भी दी जा रही है जिसमें चालान में लिखा होता है कि अगर 15 दिन में जुर्माने की राशि नहीं भरी तो उनके वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद उज्जैन में रोजाना औसतन पौने दो लाख रुपए के ई चालान नियम तोडऩे वाले लोगों के बन रहे हैं।

एक जैसे नंबर लेकिन सीरीज अलग, चालान आ गया
इधर शहर के कई नागरिकों की स्मार्ट सिटी कंपनी की इस व्यवस्था पर नाराजगी भी है। हाल ही में कुछ लोगों ने इसकी शिकायत कंट्रोल रूम पर भी की है। इसमें बताया गया है कि जिस वाहन चालक को 500 रुपए का ई चालान नियम तोडऩे पर भेजा गया है, उसमें वाहन की नंबर प्लेट के फोटो में बाईक का नंबर समान है लेकिन सीरीज अलग है, इस कारण किसी ओर का चालान उन्हें थमा दिया गया। इस तरह की शिकायत के बाद हालांकि स्मार्ट सिटी कंपनी कार्यालय पर कुछ लोगों के चालान भी गलत बनने पर निरस्त भी किए जा रहे हैं।

10 दिनों में 17 लाख से ज्यादा के ई चालान भेजे
मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 10 दिनों में स्मार्ट सिटी कंपनी ने चौराहों पर रेड लाईट का उल्लंघन करने वाले 3 हजार से ज्यादा वाहन चालकों को 17 लाख 50 हजार के ई चालान भेज दिए हैं। इसमें 23 फरवरी को 391, 24 फरवरी को 399, 25 फरवरी को 377, 26 फरवरी को 327, 27 फरवरी को 303, 28 फरवरी को 182, 1 मार्च को 318, 2 मार्च को 305 तथा 3 मार्च को 305 लोगों को 500-500 रुपए के चालान भेजे गए हैं। कुल मिलाकर उज्जैन में औसतन रोजाना 350 से ज्यादा वाहन चालक नियम तोड़ रहे हैं और पौने दो लाख रुपए के लगभग जुर्माना भर रहे हैं।

Share:

Next Post

लोडेड पिस्टल लेकर लोगों को चमका रहा बदमाश पकड़ाया

Sat Mar 5 , 2022
जबलपुर। खमरिया पुलिस ने बताया कि बीती देरशाम सूचना मिली कि हितकारिणी कालेज रोड पर सुअरकोल के समीप 26 वर्षीय शुभम उर्फ बोरा यादव अपने हाथ में देशी पिस्टल लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल ही मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी […]