भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

चुनाव में सपा-बसपा बिगाड़ेंगे भाजपा और कांग्रेस का गणित

  • दोनों पार्टियों का प्रदेश की कई सीटों पर बड़ा प्रभाव, चुनाव में दिखेगा इनका दम

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने है। दोनों पार्टियों के बीच हमेशा सीधा मुकाबला होता रहा है। लेकिन इसबार विधानसभा चुनाव में दूसरी या कहें वोट के हिसाब छोटी पार्टियां भी अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में जुटी हैं। भले ही समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ वाली इंडिया गठबंधन का हिस्सा हो लेकिन वो भी मध्य प्रदेश में अलग से चुनावी मैदान में उतर रही है। वहीं बहुजन समाज पार्टी की बात करें तो वो भी पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है। लेकिन यहां सवाल यह उठता है कि क्या एसपी-बीएसपी के दखलंदाजी से भाजपा और कांग्रेस के वोट पर कोई असर पड़ेगा? क्या ये दोनों पार्टियां कांग्रेस और भाजपा का वोट काटने का काम करेंगी?

बसपा ने किस सीट पर किसे दिया मौका
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा के मामले में बसपा ने सबसे पहले बाजी मारी है। बीएसपी ने उत्तर प्रदेश से सटे 7 विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। इसमें चंबल से एक, बुंदेलखंडे से दो और विंध्य क्षेत्र की चार सीटें शामिल हैं। उम्मीदवारों की लिस्ट में एक दलित वर्ग से, तीन ब्राह्मण, दो पटेल और एक ठाकुर वर्ग से हैं। बीएसपी ने जिन सात जनप्रतिनिधियों को उम्मीदवार बनाया है, उसमें पहला नाम रीवा जिले की सिरमौर सीट से पुलिस विभाग से रिटायर डीएसपी विष्णुदेव पांडेय का है। दूसरा नाम रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा सीट से पंकज सिंह पटेल का है। सतना जिले की रैगांव सीट से देवराज अहिरवार, खजुराहो की राजनगर विधानसभा सीट से रामराजा पाठक और निवाड़ी विधानसभा सीट से अवधेश प्रताप सिंह राठौर पर पार्टी ने विश्वास जताया है। वहीं मुरैना जिले की दिमनी सीट से बलवीर सिंह डंडौतिया और सतना जिले की रामपुर बघेलान सीट से रिटायर्ड तहसीलदार मणिराज सिंह पटेल प्रत्याशी बनाए गए हैं।



मप्र में दोनों पार्टियों का प्रभाव
मध्यप्रदेश की राजनीति में एसपी-बीएसपी के प्रभाव की बात की जाए, तो ये दोनों राजनैतिक दल मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस का समीकरण कुछ हद तक बिगाड़ सकते हैं। ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में दोनों पार्टियों की कुल मिलाकर अच्छी पैठ है। इन क्षेत्रों से कई बार एसपी-बीएसपी के उम्मीदवार चुनाव जीत चुके हैं। इसका एक मुख्य कारण है इन क्षेत्रों का उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा होना। उत्तर प्रदेश की प्रभावी पार्टियां होने की वजह से मध्यप्रदेश के इन इलाकों में बसपा और समाजवादी पार्टी का भी अच्छा प्रभाव रहता है। 2018 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने में बीएसपी की बड़ी भूमिका रही थी। बीएसपी को 2018 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में 5 प्रतिशत से अधिक वोट मिले थे। वर्तमान में, बीएसपी ही प्रदेश में तीसरे नंबर की पार्टी है।मौजूदा विधानसभा में बीएसपी के दो विधायक पथरिया से रामबाई और भिंड से संजीव सिंह हैं, जबकि जौरा, देवताल, ग्वालियर ग्रामीण, पौहारी, रामपुर बघेलान और सबलगढ़ में बीएसपी प्रत्याशी दूसरे नंबर पर थे। 36 सीटों पर बीएसपी तीसरे स्थान पर थी। इससे पहले राज्य में कभी बसपा, गौंडवाना गणतंत्र पार्टी और समाजवादी पार्टी को बड़ी सफलता मिली थी, मगर वर्तमान में इन दलों के पास कोई बड़ा चेहरा नहीं है।

समाजवादी पार्टी का प्रभाव
वहीं समाजवादी पार्टी की भूमिका की बात करें, तो उत्तरप्रदेश से लगे बुंदेलखंड इलाके में इसका कुछ हद तक प्रभाव है। 2018 के विधानसभा चुनाव में सपा मध्यप्रदेश में 1 सीट जीतने में सफल रही थी। पूरे प्रदेश में उसने 52 प्रत्याशी उतारे थे। उसे 1.3 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त हुआ था।इससे पहले, 2003 के विधानसभा चुनाव में एसपी का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा था। तब 161 सीटों पर एसपी ने चुनाव लड़ा था और उसके 7 प्रत्याशियों की जीत हुई थी। उस समय पार्टी को प्रदेश में 5 प्रतिशत से अधिक वोट मिले थे।

Share:

Next Post

50 से 55 विधायकों के कटेंगे टिकट!

Fri Sep 1 , 2023
मप्र फतह का भाजपा ने बनाया मेगाप्लान भोपाल। मप्र में भाजपा इस बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल कर राज्य में फिर से सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर चुनावी मैदान में उतर रही है। 2018 की गलतियों से सबक लेते हुए भाजपा ने इस बार अपने रणनीति में व्यापक बदलाव किया है। इसके […]