इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल 7 जुलाई को इंदौर दौरे पर आ रहे हैं। भाजपा के विधायकों की बैठक में यह फैसला लिया गया है कि इस मौके पर बड़ी रैली निकालकर जनता को परेशान नहीं करना है। खंडेलवाल के निर्वाचन के बाद कल से ही प्रदेश के अलग-अलग शहरों का दौरा शुरू किया है। इस दौरे की शुरुआत उज्जैन से की गई है। इसी कड़ी में 7 जुलाई को खंडेलवाल का इंदौर आगमन है। कल भाजपा कार्यालय पर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के द्वारा विधायकों की बैठक ली गई।
इस बैठक में विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा और महेंद्र हार्डिया शामिल हुए। इस बैठक में इस बात पर विचार किया गया कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर किन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। इस बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया था कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर एक बड़ी रैली निकाली जाए और कार्यकर्ता सम्मेलन रखा जाए। नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि इस बैठक में हमने तय किया है कि शहर में बड़ी रैली नहीं निकालना है। जब इस तरह की बड़ी रैली निकलती है तो शहर की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कार्यकर्ता सम्मेलन का ही आयोजन किया जाना है। यह आयोजन कहा पर किया जाए और क्या छोटी सांकेतिक रैली भी निकल जाए, इस बारे में अभी विचार किया जा रहा है।
आज की बैठक में होगा फैसला
भाजपा द्वारा आज शाम को 5 बजे पार्टी कार्यालय पर इस संबंध में बैठक का आयोजन किया गया है। इस बैठक में नगर इकाई के पदाधिकारियों के साथ ही सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मोर्चा अध्यक्ष, मोर्चा महामंत्री, प्रकोष्ठ संयोजक और सहसंयोजक को बुलाया गया है। इस बैठक में यह तय किया जाएगा कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर किस तरह से कार्यक्रम का आयोजन किया जाए।
भाजपा नेता करेंगे शक्ति प्रदर्शन
प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नया निर्वाचन होने के बाद इस पहले कार्यक्रम में भाजपा के नेताओं के द्वारा शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा। हर नेता खंडेलवाल की नजर में आने की कोशिश करेगा। खंडेलवाल के कार्यकाल में ही अब सरकार द्वारा नगर निगम में एल्डरमैन की नियुक्ति की जाना है। इसके साथ ही निगम, मंडल में भी नियुक्ति होना है। इसके अतिरिक्त प्रदेश इकाई और शहर इकाई का गठन भी होना है। निश्चित तौर पर पद प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले नेता खंडेलवाल के समक्ष शक्ति का प्रदर्शन करते हुए अपने नंबर बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved