भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

रात का पारा 3-4 डिग्री लुढ़केगा

  • राजधानी में आज से सर्दी की दस्तक

भोपाल। राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान बढ़े हुए हैं। ग्वालियर-चंबल संभाग में बरसात के कारण दिन के तापमान में काफी गिरावट हुई है, लेकिन बादल बने रहने के कारण रात के तापमान वहां भी बढ़े हुए हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत के क्षेत्र में बने पश्चिम विक्षोभ के कारण हवाओं को रुख वर्तमान में पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से बादल छा रहे हैं और कहीं-कहीं बरसात हो रही है। वातावरण में नमी और बादलों की मौजूदगी के कारण न्यूनतम तापमान बढ़े हुए हैं, लेकिन 18 नवंबर से रात के तापमान में गिरावट होने का सिलसिला शुरू होगा। दो-तीन दिन में रात का पारा तीन से चार डिग्री तक लुढ़कने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू-कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। साथ ही दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरक चक्रवात बना हुआ है। इन दो सिस्टम की वजह से हवा का रुख पूर्वी और दक्षिण पूर्वी बना हुआ है। साथ ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी भी आ रही है। इससे बादल बन रहे हैं और रात के तापमान बढ़े हुए दर्ज किए जा रहे हैं। शुक्ला के मुताबिक आज पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने की संभावना है। राजस्थान पर बना सिस्टम के भी आज उत्तरप्रदेश की तरफ खिसकने के आसार हैं। इन दोनों सिस्टम का प्रभाव कम होने से आज रात से हवा का रुख परिवर्तित होने लगेगा। हालांकि हवा का रुख पूर्वी तो बना रहेगा और बादल भी बने रहेंगे,लेकिन बीच-बीच में उत्तरी हवा भी आने लगेगी। सर्द हवाओं का दखल बढऩे से 18 नवंबर से रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होने लगेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में सर्वाधिक गिरावट ग्वालियर-चंबल संभाग में दर्ज की जाएगी। पूर्वी मध्यप्रदेश में रात के तापमान में अपेक्षाकृत कम गिरावट होगी।

Share:

Next Post

बोरवन क्लब ने किया दादा लोकूमल का सम्मान

Tue Nov 17 , 2020
संतनगर। उपनगर के बोरवन क्लब द्वारा सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय, बजरंग व्यायाम शाला जैसी अनेकों संस्थानों में सक्रिय सेवा करने वाले एमपीईबी से सेवा निवृत्त दादा लोकूमल आसवानी का सम्मान किया। क्लब अध्यक्ष जगदीश आसवानी ने बताया कि विद्यार्थियों,पक्षु-पक्षियों तक का ख्याल दादा सदैव रखते आ रहे हैं। उन्हें साधु वासवानी विद्यालय का संरक्षक भी […]