इंदौर न्यूज़ (Indore News) मध्‍यप्रदेश

राहुल की जितनी बुद्धि वे उतनी ही करेंगे बात… विकास के आधार पर हम जाएंगे जनता के पास : वीडी शर्मा

  • भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने विशेष महासंपर्क अभियान को लेकर इंदौर में ली प्रेस वार्ता

इंदौर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण आज भारत एक सूत्र में बंधा है। 2023 के विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए जो निर्णय होंगे, उसे पर सब मिलकर काम करेंगे और विकास के आधार पर हम जनता के पास जाएंगे। भाजपा में टिकट नेतृत्व ही तय करेगा। हम विपक्ष को कभी कमजोर नहीं मानते हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने यह बातें इंदौर में एक प्रेस वार्ता के दौरान कही। वे इंदौर के विधायकों, सांसद, महापौर और अन्य पदाधिकारी के साथ पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। राहुल गांधी से जुड़े हुए सवालों पर शर्मा ने कहा कि राहुल की जितनी बुद्धि उतनी ही बात करेंगे। शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब दिग्विजय सिंह का शासन था, तो प्रदेश एक बीमारू राज्य था। अब प्रदेश की तस्वीर बदली है। उन्होंने शहर में बढ़ते नशे और नाइट कल्चर से जुड़े सवाल के जवाब पर कहा कि समाज में जागरूकता लाकर ही इन बुराइयों को खत्म किया जा सकता है और यह पहल समय समय पर की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि इसके लिए कानून बने और अगर कोई कानून बना हो और उसका पालन न हो रहा हो, तो उन कानून का पालन किया जाए।

अबकी बार 200 पार : शर्मा ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को कमीशन खोर बताया। वे बोले कि कांग्रेस वोट बैंक के लिए सॉफ्ट हिंदुत्व का दिखावा कर रही है। कांग्रेस का हिंदुत्व को लेकर दोहरा चरित्र है। कांग्रेस एक डूबता जहाज है। भाजपा आपकी बार 200 पार होगी।

विष्णुदत्त शर्मा ने आगामी एक महीने तक चलाए जाने वाले भाजपा के विशेष महासंपर्क अभियान को जानकारी दी और कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर और सरकार की उपलब्धियों पर देशभर में ये अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने पार्टी की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि बीते 9 साल भारत के नवनिर्माण और गरीब कल्याण के रहे है। आज पूरी दुनिया 21वीं सदी को भारत की सदी कह रही है, जो हमारे लिए गौरव की बात है। दुनिया के ताकतवर देश अब कह रहे हैं कि ‘मोदी इस द बॉस ऑफ द वर्ल्ड’ और ये भारत के नेतृत्व के प्रति विश्वास है।

अभियान का गाना भी हुआ लांच : 31 मई से 30 जून तक एक महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसकी शुरुआत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के अजमेर से शुरू करेंगे। अगले एक महीने इस अभियान के दौरान पूरे देश में 51 महारैलियों का आयोजन किया जाएगा। 500 से अधिक सभाएं, 600 से ज्यादा प्रेस कांफ्रेंस के अलावा जनता से सीधा संवाद किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने इस विशेष अभियान को लेकर तैयार एक गाना भी इंदौर में लांच किया। इसी अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी डिजिटल रैली से बूथों के कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे और सीधा संवाद करेंगे। 21 जून को योगा दिवस के कार्यक्रम आयोजित करेंगे। वहां 9 वर्ष की उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी आयोजित कर दिखाएंगे।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान ये रहे मौजूद : इंदौर भाजपा कार्यालय में हुई इस प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा से कविता पाटीदार (प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद), गौरव रणदिवे (नगर अध्यक्ष, भाजपा), तुलसीराम सिलावट (केबिनेट मंत्री, मप्र शासन), पुष्यमित्र भार्गव (महापौर), शंकर लालवानी (सांसद), रमेश मेंदोला (विधायक), आकाश विजयवर्गीय (विधायक), महेंद्र हार्डिया (विधायक), मालिनी गौड़ (विधायक), जयपालसिंह चावड़ा (अध्यक्ष, आईडीए), प्रताप करोसिया (अध्यक्ष, मप्र सफाई कर्मचारी आयोग), मधु वर्मा (पूर्व आईडीए अध्यक्ष), राजेश सोनकर, गोलू शुक्ला और सावन सोनकर भी मौजूद रहे।

Share:

Next Post

दिल्ली के बाद सूरत से सामने आया दर्दनाक VIDEO, पिता ने बेटी को 25 बार चाकू घोंपा; जानें वजह 

Wed May 31 , 2023
सूरत: बहुचर्चित दिल्ली के शाहबाद डेयरी हत्याकांड का खतरनाक वीडियो वायरल होने के बाद अब गुजरात के सूरत का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स अपनी 19 साल की बेटी को मौत के घाट उतारता हुआ नजर आ रहा है. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, सूरत की घटना कथित तौर […]