
इंदौर। पिछले दिनों छावनी की सड़क में बाधक बने मथुरावाला की बिल्डिंग के पूर्वी ओर का हिस्सा निगम ने ढहाए था। अब जीपीओ से सरवटे तक बनने वाली 80 फीट चौड़ी सड़क के लिए दक्षिणी हिस्से सहित नसिया रोड से लेकर छावनी तक करीब 200 से ज्यादा बाधाएं हटाई गई हैं।
नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण के लिए बाधाएं हटाने का काम फिर तेजी से शुरू कर दिया गया है और इसके लिए निगम द्वारा दवा बाजार से जगन्नाथ धर्मशाला छावनी की सड़क बनाने का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है और पिछले दिनों निगम की टीम ने मथुरावाला होटल के कई बाधक हिस्से कड़ी मशक्कत के बाद हटाए थे। निगम अफसरों का कहना है कि इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद निगम जल्द ही जीपीओ से छावनी, नसिया होते हुए सरवटे बस स्टैंड तक 80 फीट चौड़ी सड़क बनाएगा और इसके लिए नपती और निशान लगाने की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है।
सबसे ज्यादा बाधाएं नसिया क्षेत्र से छावनी के बीच और कुछ गुजराती कॉलेज के आसपास के हिस्सों में हैं। अधिकारियों का कहना है कि उक्त सड़क बनने से सरवटे से सीधे जीपीओ तक की राह आसान होगी और छावनी के बाद इस सड़क की बाधाएं हटाने का काम भी शुरू किया जाएगा। इस सड़क के निर्माण के लिए भी मथुरावाला की होटल पर एक बार फिर कार्रवाई होगी और बाधक हिस्से हटाए जाएंगे।
कुछ क्षेत्रों में रहवासी भी बाधक हटाने में जुटे
कई क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों से खुद अपने बाधक निर्माण हटाने को कहा जा रहा है। इसी के चलते कंडीलपुरा से किला मैदान, इंदौर वायर फैक्ट्री तक की सड़क के लिए रहवासी खुद अपने स्तर पर बाधाएं हटाने में जुटे हैं। निगम ने वहां भी नपती और निशान लगाने की कार्रवाई पूरी कर ली थी और 80 फीट चौड़ी सड़क के मान से निशान लगा दिए थे। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक इसके अलावा बदल का भट्टा क्षेत्र में भी कई लोगों ने अपने स्तर पर बाधाएं हटा ली हैं और वहां सड़क निर्माण कई हिस्सों में चल रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved