
- उखडऩे लगी ब्रिज की सड़क, 5 साल पहले बना था
उज्जैन। शिप्रा नदी पर बड़े पुल की दूसरी भुजा सिंहस्थ 2016 में बनी थी और ऐसा लगता है कि उसमें मॉनीटरिंग नहीं की गई और इसमें भ्रष्टाचार हुआ। सिंहस्थ 2016 के आयोजन को लेकर शिप्रा नदी सहित कुछ रेलवे क्रासिंग पर 14 नए ब्रिज बनाए गए थे। इनमें से बड़े पुल के समानांतर भी एक नया ब्रिज बना था। 5 साल में ही यह उखडऩे लगा है। ब्रिज की ऊपरी सतह गायब हो रही है और अंदर से सरिये और गिट्टी दिखाई देने लगी है। सिंहस्थ 2016 में राज्य शासन ने उज्जैन में विकास के 5 हजार करोड़ के काम कराए थे।
इसमें सिंहस्थ क्षेत्र के कार्य भी शामिल थे। उस दौरान शहर में 14 ब्रिज और रेलवे ओव्हर ब्रिज का निर्माण भी पीडब्ल्यू के सेतु निगम ने किया था। सिंहस्थ के दौरान 5 करोड़ श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था की दृष्टि से सबसे ज्यादा भीड़ के दबाव की आशंका शिप्रा नदी पर बने पुराने बड़े पुल पर थी। यही कारण था कि यहाँ इसके समानांतर नया ब्रिज बनाया गया था। देख रेख के अभाव में अब यह ब्रिज क्षतिग्रस्त होने लगा है। ब्रिज के बीच में ऊपरी सतह की सीमेंट कांक्रीट गायब हो रही है। कई जगह ब्रिज के आधार को मजबूती देने वाला सरियों का जाल नजर आने लगा है। इसके कारण ब्रिज से गुजरने वाले वाहनों को भी परेशानी आ रही है। दो पहिया वाहन कभी भी इसमें फंसकर गंभीर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।