
रायबरेली। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के रायबरेली (Raebareli) में चार दोस्तों को गंगा नदी में गहरे पानी में नहाना महंगा पड़ गया। सरेनी के निसगर गंगा घाट पर पर नहाने गए दो सगे भाइयों समेत तीन की डूबने से मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है।
रानीखेड़ा गांव के चार लोग नहाने गए थे। नहाते समय एक युवक गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने गए भाई समेत दो अन्य साथी भी डूबने लगे। गोताखोरों की मदद से चारों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने किशोर समेत तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
सरेनी के रानीखेड़ा के हरिओम अपने छोटे भाई हरिशंकर और दो दोस्तों सत्येंद्र कुमार व हिमांशु के साथ गुरुवार दोपहर बाद गंगा घाट, निसगर पर स्नान करने गए थे। नहाने के दौरान हरिशंकर गहरे पानी में उतर गया, जिसके कारण वह डूबने लगा। हरिशंकर को डूबता देख उसका छोटे भाई और दोनों दोस्त उसे बचाने गए, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वे भी डूबने लगे।
यह देख आस पास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिस पर गांव के तैराक व गोताखोर मौके पर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हरिशंकर, हरिओम व सत्येंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर हिमांशु को भी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। चिकित्सक के अनुसार हिमांशु की हालत भी नाजुक है। सरेनी थानाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव का कहना है कि एक किशोर समेत तीन युवकों की डूबने से मौत हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved