भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

उपचुनाव में तोमर के हाथ में होगी चुनाव प्रबंधन की कमान

  • आज से कार्यकर्ताओं की बीच जाएंगे, टटोलेंगे मन

भोपाल। प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने एक बार फिर केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर को चुनाव प्रबंधन की कमान सौंप दी है। पार्टी के निर्देश पर तोमर आज से उपचुनाव वाले जिलों में कार्यकर्ताओं के बीच जा रहे हैं। इस बार उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी रहेंगे। तोमर और शर्मा आज से ग्वालियर, भिंड और मुरैना जिले में उपचुनाव वाले विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। इस दौरान वे पार्टी नेता एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
ग्वालियर-चंबल में 16 सीटों पर उपचुनाव होना है। इनमें मुरैना जिले की पांच विधानसभा सीट जौरा, मुरैना, दिमनी, अंबाह और सुमावली है। ग्वालियर जिले की तीन विधानसभा सीट डबरा, ग्वालियर एवं ग्वालियर पूर्व पर चुनाव होना है। शिवपुरी जिले की पोहरी एवं करैरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। मुरैना जिले में उपचुनाव वाली पांच सीट मुरैना संसदीय क्षेत्र और ग्वालियर एवं शिवपुरी जिले की उपचुनाव वाली 5 विधानसभा सीट ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में आती हैं। तीनों जिलों की 10 विधानसभा सीटों पर नरेन्द्र सिंह तोमर की भाजपा में सबसे ज्यादा मजबूत पकड़ है। क्योंकि वे दोनों संसदीय क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। यही वजह है कि भाजपा ने उपचुनाव में चुनाव प्रबंधन की कमान तोमर को सौंपी है। मुरैना जिले की जौरा विधानसभा सीट को छोड़कर भाजपा की अन्य सीटों पर प्रत्याशी लगभग तय हैं। एक-दो सीट पर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के उपचुनाव लडऩे से इंकार करने पर पार्टी टिकट बदल सकती है। इन सीटों पर प्रत्याशी भी तोमर तय करेंगे। इसके अलावा भिंड जिले की दो विधानसभा सीट मेहगांव और गोहद पर उपचुनाव होना है। दतिया जिले की भांडेर सीट भी खाली है। इन सीटों पर भी केंद्रीय मंत्री तोमर की पकड़ है। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश में उपचुनाव 27 विधानसभा सीटों पर है। तोमर सभी सीटों पर चुनावी सभाएं करेंगे, लेकिन उनका फोकस ग्वालियर-चंबल संभाग की 16 सीटों पर ज्यादा रहेगा। खासकर ग्वालियर, मुरैना, भिंड एवं शिवपुरी जिले की सीटों पर ज्यादा समय देंगे।

तोमर-शिवराज के बीच जबर्दस्त समन्वय
केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बीच बेहतर समन्वय है। यही वजह है कि तोमर के प्रदेशाध्यक्ष और शिवराज के मुख्यमंत्री रहते भाजपा ने 2008, 2013 का विधानसभा चुनाव और 2009, 2014 का लोकसभा चुनाव लड़े। इन चारों बड़े चुनावों में भाजपा को रिकॉर्ड जीत मिली थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और तोमर की जोड़ी एक बार फिर उपचुनाव में सक्रिय होने जा रही है। हालांकि इस बार प्रदेशाध्यक्ष की कमान वीडी शर्मा के हाथ में है। शर्मा मूलत: मुरैना के हैं। ग्वालियर-चंबल की ज्यादा से ज्यादा सीट जीतने की कोशिश उनकी भी है।

नेता और कार्यकर्ताओं का टटोलेंगे मन
कांगे्रस के पूर्व विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद ग्वालियर-चंबल के कुछ भाजपा नेता अभी भी खफा हैं। पिछले हफ्ते भाजपा के सदस्यता महाअभियान के दौरान ज्यादातर नेताओं को सीएम शिवराज, तोमर और वीडी शर्मा की जोड़ी ने मना लिया है। जो नेता अभी भी खफा है, तोमर उनसे चर्चा कर मन टटोलेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं से भी सीधी बात करेंगे।

Share:

Next Post

अगले महीने से टोल प्लाजा पर अधिक जेब ढीली करनी होगी, टोल दरें आठ फीसदी बढ़ेंगी

Sun Aug 30 , 2020
मप्र में एनएचएआई के 36 टोल प्लाजा पर पड़ेगा असर भोपाल। सड़क यात्रियों को अगले महीने से टोल प्लाजा पर अधिक जेब ढीली करनी पड़ेगी। सरकार टोल टैक्स की दरों में 5 से 8 फीसदी तक इजाफा करने जा रही है। इससे निजी व व्यवसायिक वाहनों को अगल-अगल टोल टैक्स दरों के मुताबिक भुगतान करना […]