
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार को एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। ट्रेनी एयरक्राफ्ट अचानक निर्माणाधीन हाईवे पर जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ये हादसा कासगंज के क्यामपुर बहेडिया भड़रिया क्षेत्र में हुआ है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
महिला ट्रेनी पायलट घायल
जानकारी के अनुसार, एयरक्राफ्ट में महिला ट्रेनी पायलट सवार थीं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल पायलट को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे को देखने के लिए लोगों की इकट्ठा हुई भारी भीड़
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है। क्रैश हुए एयरक्राफ्ट को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हुई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की टीम भी तैनात की गई है। एयरक्राफ्ट दुर्घटना की सूचना संबंधित विमानन अधिकारियों को दे दी गई है।
दुर्घटना के कारणों की हो रही जांच
प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। तकनीकी खराबी या अन्य किसी कारण से दुर्घटना हुई है। इसकी जांच की जा रही है। ये एयक्राफ्ट क्रैश करने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
निर्माणाधीन हाईवे पर एयरक्राफ्ट के गिरने से बड़ा हादसा टला
प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। राहत की बात यह रही कि एयरक्राफ्ट निर्माणाधीन हाईवे पर गिरा, जिससे आसपास मौजूद लोगों और वाहनों को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा। फिलहाल पुलिस, प्रशासन और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved