वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप (Donald Trump) ने ईरान को एक बार फिर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अमेरिका के साथ प्रस्तावित नई वार्ता तेहरान के लिए समझौते का “आखिरी मौका” हो सकती है। ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान (Iran) इस अवसर का उपयोग नहीं करता, तो उसे अमेरिकी कार्रवाई के और गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।
ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच अगले एक-दो दिनों में नई बातचीत शुरू हो सकती है। उनके अनुसार, इस वार्ता का पहला उद्देश्य स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री आवाजाही को सामान्य करना होगा, जबकि दूसरे चरण में ईरान के परमाणु कार्यक्रम और परमाणु निरस्त्रीकरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
ट्रंप ने कहा, “पहले चरण में जलडमरूमध्य को फिर से खोला जाएगा। इसके बाद परमाणु निरस्त्रीकरण पर बातचीत होगी, जिसमें कुछ समय लग सकता है।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि अमेरिकी सेना ईरान पर बड़े सैन्य अभियान की तैयारी कर चुकी थी, लेकिन सहयोगी देशों और क्षेत्रीय नेताओं की अपील के बाद उन्होंने सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला किया।
ट्रंप के अनुसार, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के नेताओं के साथ-साथ कुछ ईरानी अधिकारियों की अपील के बाद उन्होंने हमले को टाल दिया ताकि कूटनीतिक समाधान की संभावना बनी रहे।
उन्होंने कहा, “मैं कूटनीति को एक और मौका देना चाहता था, लेकिन मेरा धैर्य अब खत्म हो रहा है। यदि एक अच्छे समझौते पर हस्ताक्षर करने हैं, तो यह उनका आखिरी अवसर है।”
इससे पहले ईरान की ओर से कहा गया था कि ओमान के माध्यम से हो रही बातचीत केवल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही तक सीमित है और परमाणु कार्यक्रम पर कोई चर्चा नहीं हो रही।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान सार्वजनिक रूप से बातचीत से इनकार करता है, जबकि वास्तविकता अलग है।
उन्होंने कहा, “वे बातचीत की मांग करते हैं, बैठकें भी होती हैं और फिर कहते हैं कि कोई चर्चा नहीं चल रही। ईरान चाहे माने या नहीं, हमारी प्राथमिकता उसके परमाणु हथियार कार्यक्रम को रोकना है।”
ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका सैन्य विकल्पों से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि वह किसी भी संभावित कार्रवाई से पहले ईरान को शांतिपूर्ण समाधान का अंतिम अवसर देना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “मैं उन्हें आखिरी बार मौका दे रहा हूं। उम्मीद है कि वे समझदारी दिखाएंगे और ऐसा फैसला लेंगे जिससे हालात और न बिगड़ें।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved