
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर से एक परेशान करने वाली घटना सामने आई है। यहां गौरी विसर्जन के दौरान नागपुर के काटोल थाना क्षेत्र के झिलपा परिसर स्थित तालाब में डूबने से दो बालकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आयुष हरीश कुमार और दर्शन उर्फ दक्ष धनराज लाड़ के रूप में हुई है। दोनों झिलपा, काटोल के निवासी थे। आयुष कक्षा 8वीं और दर्शन कक्षा 7वीं में पढ़ता था।
कम गहरे पानी में उतरे थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गौरी विसर्जन के लिए गांव की कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ गांव के पास स्थित तालाब पर पहुंची थीं। आयुष और दर्शन भी अपनी मां के साथ वहां गए थे। महिलाएं तालाब में गौरी विसर्जन कर रही थीं, जबकि दोनों बालक तालाब के किनारे कम गहरे पानी में उतरे थे।
चाचा और गांव वालों ने पानी में उतरकर की तलाश
इसी दौरान दोनों बालक अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए और डूब गए। विसर्जन के दौरान जब दोनों बालक दिखाई नहीं दिए, तब महिलाओं को उनके डूबने का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोगों और दोनों बालकों के चाचा ने तालाब में उतरकर उनकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों बालकों को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल काटोल ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से झिलपा गांव में शोक का माहौल है।
बलिया में पुलिसकर्मी का तालाब में मिला शव
बीते दिनों उत्तर प्रदेश के बलिया के बांसडीह कोतवाली में तैनात रिजर्व पुलिसकर्मी परितोष मिश्रा का शव सोमवार सुबह बांसडीहरोड थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब में मिला। पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को परितोष मिश्रा कांस्टेबल शिवगोपाल पाल को इलाहाबाद हाई कोर्ट जाने के लिए बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात 2-3 पुलिसकर्मियों के साथ खाना खाया। इसके बाद उन्होंने साथियों को बताया कि उन्हें रात में दूसरी ड्यूटी पर जाना है और निजी मोटरसाइकिल से वहां से रवाना हो गए।
निर्धारित समय पर बांसडीह थाने में ड्यूटी पर नहीं पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह करीब 10 बजे बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक तालाब में उनका शव बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved