देश राजनीति

विकास दुबे का एनकाउंटर उसके मददगारों को बचाने की कोशिश : अखिलेश यादव

लखनऊ। कानपुर नगर के बिकरू गांव में आठ पुलिस कर्मियों की नृशंस हत्या के आरोपी विकास दुबे के एनकाउण्टर के साथ उन सभी सबूतों, साक्ष्यों का भी एनकाउण्टर हो गया है, जिससे अपराधियों, पुलिस और सत्ता में बैठे उसके संरक्षकों के चेहरे बेनकाब होतें। यह घटनाक्रम उन सभी को बचाने की कोशिश भी है जो उसके मददगार रहे हैं। ये बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कही।

उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सरकार विकास दुबे की पांच वर्ष की सीडीआर जारी करे और पूरे प्रकरण की सर्वोच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश द्वारा न्यायिक जांच कराई जाए।भाजपा सरकार की चालाकी देर तक ढकी नहीं रह सकती है। बिकरू काण्ड में नए मोड़ से संदेह का घेरा चौड़ा होता जा रहा है। लगता है पुलिस की गाड़ी, जिसमें उज्जैन से विकास दुबे को कानपुर लाया जा रहा था, नहीं पल्टी बल्कि एनकाउण्टर की वजह से कई राज खुलने से भाजपा सरकार पलटने से बच गई है। विकास के भाजपा से सम्बंध थे और सत्ता के संरक्षण में ही वह अपराध की सीढ़ी दर सीढ़ी चढ़ता चला गया था।

उन्होंने कहा कि विकास दुबे पर भाजपा और पुलिस का वरदहस्त था। भाजपा की साजिश करने की आदत है। फिर दूसरा विकास दुबे न पैदा हो इसके लिए पूरे पांच साल की काॅल डिटेल सार्वजनिक करनी चाहिए। ताकि पता चल सके कि कौन राजनेता और अधिकारी थे जिनसे उसके सम्बंध थे। यदि उसे संरक्षण न होता तो विकास अपनी काली कमाई से बड़ा साम्राज्य खड़ा नहीं कर पाता।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज हो और लोगों को न्याय मिले यह राज्य के मुख्यमंत्री जी का संवैधानिक दायित्व है। लेकिन यहां तो फर्जी एनकाउण्टर और फर्जी मुकदमें कायम करने में ही सरकार लगी रही है। हिरासत में मौतें होने की कई घटनाएं सामने आने पर मानवाधिकार आयोग राज्य सरकार को नोटिस पर नोटिस देती रही है। तीन साल से ज्यादा समय से प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इसके मुख्यमंत्री की ठोकों नीति का यह असर दिख रहा है, पता ही नहीं चलता है कि कौन किसको ठोक रहा है। (एजेन्सी, हि.स.)

Share:

Next Post

एचडीएफसी एर्गो ने लॉन्च की कोरोना कवच पॉलिसी

Sat Jul 11 , 2020
मुंबई। निजी क्षेत्र की बीमा प्रदाता एचडीएफसी एर्गो कंपनी ने ‘कोरोना कवच’ पॉलिसी लॉन्‍च करने का ऐलान किया है। ये नई इन्‍डेम्निटी हेल्‍थ पॉलिसी सरकार द्वारा अधिकृत डायग्नोस्टिक सेंटर में हुई जांच में पॉजीटिव पाए जाने पर कोविड-19 के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती होने पर चिकित्सा खर्चों के विरुद्ध कवर की पेशकश करेगी। […]