इंदौर न्यूज़ (Indore News)

एक दिन में 400 बूथों की मतदाता सूची ही जांच पाए

  • भाजपा ने शुरू किया महाभियान, दो से तीन दिन और लगेंगे सूची जांचने में
इंदौर (Indore)। भाजपा ने कल महाअभियान चलाकर शहरी क्षेत्र की 6 विधानसभाओं की मतदाता सूची को जांचने का अभियान एक ही स्थान पर शुरू किया था, लेकिन कल पहले दिन भाजपा के 600 पदाधिकारी मात्र 400 बूथों की सूचियां ही जांच पाए। इसके बाद अब अभियान आज और कल भी चलेगा, जब तक 1604 बूथों की सूचियों की जांच नहीं हो जाती।
यूं तो बूथ स्तर पर भाजपा की टोलियां बनी हुई हैं और उन्हें मतदाता सूची जांचने का काम दिया जाता है, लेकिन इस बार प्रदेश संगठन के आदेश पर नगर संगठन प्रारंभिक तौर पर मतदाता सूची जांचने का काम कर रहा है। इसके लिए कल से महाअभियान शुरू किया गया है। इंदौर की 6 शहरी विधानसभाओं में 1604 बूथ हैं, जिसके लिए यह अभियान शुरू किया गया। कल गुरु अमरदास हॉल में 600 पदाधिकारियों को बुलाया गया था। इनमें बूथ कमेटी नहीं थी। बताया जाता है कि पहले दिन मात्र 400 बूथ की मतदाता सूचियों की जांच ही हो पाई। नगर संगठन के सभी पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी 7 मोर्चा के मंडल स्तर तक के अध्यक्ष और महामंत्री को कल बुलाया गया था, जिनमें युवा मोर्चा के सबसे ज्यादा युवा नजर आए।

इनकी संख्या डेढ़ सौ के आसपास थी तो महिला मोर्चा, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति मोर्चा के 60 से 70 पदाधिकारी भी पहुंचे थे। अजजा, अल्पसंख्यक और किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं की संख्या बहुत कम रही। शाम 6 बजे तक चले महाअभियान के बाद अब आज फिर से दूसरे दिन अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जनवरी में प्रकाशित सूची से अभी प्रकाशित सूची का मिलान कर उसमें नए मतदाताओं की संख्या, काटे गए नामों की जानकारी लेना है। इसके बाद यह सूचियां बूथ की टोली को दी जाएंगी, जो घर-घर जाकर जानकारी का भौतिक परीक्षण करेगी। विदित है कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा 31 अगस्त तक मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण किया जा रहा है और संभवत: सितंबर में इसका अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
Share:

Next Post

सफाई मित्रों के बारे में अपशब्द कहने वाले मौलवी पर रासुका लगाने को लेकर प्रदर्शन

Fri Aug 11 , 2023
भाजपा नेता भी हुए शामिल, प्रशासन से आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की इंदौर (Indore)। सफाई मित्रों को लेकर अपशब्द कहने वाले मौलवी पर भले ही एफआईआर कर ली हो,  लेकिन कर्मचारी संगठन और भाजपा नेता अब उक्त मौलवी पर रासुका के तहत कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं। कल इसको लेकर चंदन […]