उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

7 बजे से शुरू हुआ मतदान..नगर सरकार के लिए उत्साह

  • शहर के 54 वार्डों में सुबह से शुरु हुई वोटिंग-568 मतदान केन्द्रों पर शाम तक डलेंगे वोट-महापौर प्रत्याशी भी सुबह परिवार के साथ वोट डालने पहुँचे

उज्जैन। नगर सरकार चुनने के लिए आज सुबह से शहर के सभी 568 मतदान केन्द्रों पर 54 पार्षद और 1 महापौर चुनने के लिए वोटिंग चल रही है। मतदाताओं में भी सुबह से उत्साह नजर आ रहा है। मतदाताओं के साथ-साथ आज सुबह पार्षद से लेकर महापौर पद तक के उम्मीदवार अपना वोट डालने परिवार के साथ बूथों पर पहुँचे। सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कलेक्टर तथा एसपी भी मतदान केन्द्रों का सुबह से निरीक्षण कर रहे हैं। उज्जैन नगर निगम में 54 वार्डों में पार्षद तथा महापौर पद का प्रत्याशी चुनने के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरु हो गया। इसके एक दिन पहले ही नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले 54 वार्डों में बने 568 मतदान केन्द्रों पर ईवीएम मशीन, मतदान सामग्री के साथ मतदान दल पहुँच गए थे। 568 मतदान केन्द्रों में से इस बार 121 मतदान केन्द्रों को जिला प्रशासन ने संवेदनशील माना है। इसे देखते हुए ऐसे सेंटरों पर सुरक्षा व्यवस्था के और कड़े इंतजाम किए गए हैं। आज हो रहे मतदान में 8500 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। शाम 5 बजे तक सभी केन्द्रों पर वोट डाले जाएँगे। आज सुबह से ही मतदान केन्द्रों के बाहर लोगों की भीड़ नजर आने लगी थी। उत्साह के साथ लोग मतदान के लिए कतारों में लगे भी दिखाई दिए। इधर आज सुबह से ही कलेक्टर आशीष सिंह और एसपी सत्येन्द्रकुमार शुक्ल अलग-अलग मतदान केन्द्रों का दौरा कर रहे थे।


मोबाईल प्रतिबंधित, अलग-अलग ईवीएम
मतदान केन्द्रों पर निर्वाचन आयोग ने मोबाईल प्रतिबंधित कर रखा है। मतदाता को मतदान केन्द्र में मोबाईल ले जाने की इजाजत नहीं है। इसके साथ ही पार्षद पद तथा महापौर पद के उम्मीदवारों को वोट करने के लिए मतदान केन्द्रों पर अलग-अलग वोटिंग मशीन रखी गई है। दोनों में बटन दबाकर मतदान करने के बाद मतदाताओं को लंबी बीप सुनाई दे रही है। इसका मतलब यह है कि उसके दोनों वोट डल गए।

179 उम्मीदवार है मैदान में
54 वार्डों में इस बार पार्षद पद के लिए कुल 179 उम्मीदवार मैदान में है। इनमें भाजपा, कांग्रेस के 108 अधिकृत उम्मीदवारों के अलावा आम आदमी पार्टी के 14, बसपा के 4 तथा 53 उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। महापौर पद के लिए भी भाजपा कांगे्रस के अलावा बसपा, आप और एक उम्मीदवार निर्दलीय रूप से चुनाव मैदान में है।

4 लाख 61 हजार से अधिक वोटर
नगर निगम चुनाव में इस बार 54 वार्डों में पार्षद और 1 महापौर पद का उम्मीदवार चुनने के लिए कुल 4 लाख 61 हजार 103 वोटर हैं। इनमें से 47 थर्ड जेंडर के हैं। इसके अलावा 2 लाख 30 हजार 879 पुरुष तथा 2 लाख 30 हजार 177 महिला मतदाता शामिल हैं। यह सभी मतदाता आज शाम तक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कई शासकीय कर्मचारी हैं इसलिए वो वोट नहीं डाल पाएँगे।

Share:

Next Post

जनता बनी शक्तिवान:मतदाताओं के चेहरे पढ़ते नजर आए प्रत्याशी

Wed Jul 6 , 2022
किसकी होगी जीत? फैसला 17 को , बारिश नहीं तोड़ पाई मतदाताओं के हौसले जबलपुर। लोकतंत्र के महापर्व में आज बुधवार को शहर में पार्षद वा महापौर पद के लिए मतदान किया जा रहा है। प्रथम चरण मेेंं नगरनिगम जबलपुर, नगर पालिक सिहोरा, नगर पालिक परिषद पनागर, नगर परिषद बरेला और नगर परिषद भेड़ाघाट में […]