बड़ी खबर व्‍यापार

क्या होता है बजट, कब और कितने बजे पेश होगा आम बजट

नई दिल्ली। केंद्रीय बजट (Union Budget) हर वर्ष फरवरी महीने की पहली तारीख को देश के वित्त मंत्री द्वारा संसद (Parliament by Finance Minister) में पेश किया जाता है। इस बार भी वित्त वर्ष 2022-23 का आम बजट (General budget for the financial year 2022-23) 1 फरवरी, 2022 को सुबह 11 बजे संसद में पेश किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार के दूसरे कार्यकाल और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का यह चौथा आम बजट होगा।

वित्त वर्ष 2022-23 के आम बजट को वित्त मंत्री की बजट टीम तैयार करने में जुटी हुई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट को लेकर 15 दिसंबर से विभिन्न हितधारकों, इंडस्ट्री, अर्थशास्त्रियों के साथ विचार-विमर्श शुरू कर दिया है। इसके अलावा वित्त मंत्रालय ने और आम लोगों के सुझाव भी बजट को लेकर ऑनलाइन मांगे हैं। वित्त मंत्रालय ने 14 दिसंबर को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी।


क्या होता है आम बजट
बजट को वार्षिक वित्तीय विवरण (सालाना फाइनेंशियल स्टेटमेंट) भी कहा जाता है। आम बजट संविधान के अनुच्छेद 112 के अनुसार उस विशेष वर्ष के लिए केंद्र सरकार की अनुमानित प्राप्तियों और व्यय की जानकारी है। बजट 1 अप्रैल से 31 मार्च तक चलने वाले वित्तीय वर्ष के लिए होता है।

बजट पेश करने का समय
केंद्रीय बजट हर वर्ष फरवरी के पहले दिन संसद में वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत किया जाता है। साल 2016 के पहले आम बजट फरवरी के आखिरी कार्य दिवस पर पेश किया गया था, जिसे पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बदल दिया था। हालांकि, वर्ष 1999 से पहले बजट शाम 5 बजे के पेश किया जाता था लेकिन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने पुरानी पंरपरा को तोड़ते हुए 27 फरवरी, 1999 को सुबह 11 बजे वित्त वर्ष 1999-2000 का बजट पेश किया था।

उल्लेखनीय है कि भारत में बजट पेश करने की शुरुआत शाम को 5 बजे अंग्रेजी शासन काल में हुई थी, जिसे अंग्रेज अपनी सुविधा के अनुसार किया करते थे। दरअसल भारत और ब्रिटेन के समय में काफी अंतर होता है। भारत में जब शाम के 5 बजते है, तब लंदन में सुबह के लगभग 11 बजे होते हैं। ब्रिटिश संसद के सभी नेता आराम से तैयार होकर रेडियो पर बजट सुन पाते थे। यही वजह थी कि हमारे यहां बजट का समय उनकी सुविधा के अनुसार था, जिसे एनडीए सरकार के शासन काल में बदल दिया गया। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

भाजपा के 107 उम्मीदवारों में एक भी मुस्लिम नहीं

Sun Jan 16 , 2022
– सपा, बसपा और कांग्रेस मुसलमानों को रिझाने की कर रहीं भरपूर कोशिश लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को 107 उम्मीदवारों की प्रथम सूची जारी की। इसमें एक भी मुस्लिम चेहरा नहीं है। वहीं, सपा, बसपा और कांग्रेस मुस्लिम वर्ग को रिझाने की भरपूर कोशिश कर रही हैं। […]