भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

मानसून की विदाई के साथ ही गिरने लगा तापमान

  • पचमढ़ी में रात का पारा 13 डिग्री पर पहुंचा

भोपाल। प्रदेश से मानसून की विदाई के साथ ही तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। हवाओं का रुख उत्तरी होने से ठंडक बढऩे लगी है। कई जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री के नीचे पहुंचने लगा है। हल्की ठंडक बढ़ी है। हालांकि अब ठंडक बढऩे का सिलसिला शुरू हो चुका है। मौसम केंद्र की रिपोर्ट कहती है कि दक्षिण पश्चिम मानसून पूरे प्रदेश से जा चुका है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से कम चल रहा है। न्यूनतम तापमान जरूर कुछ जगह गिरा है। प्रदेश में सबसे गर्म 33.8 डिग्री तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक खिसका है।



हवाओं का रुख बदलने लगा
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में मध्य राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इसके चलते हवाओं का रुख बदलने लगा है। हवाओं का रुख उत्तरी होने से रात के तापमान में गिरावट भी दर्ज होने लगी है। वातावरण में ठंड का अहसास बढ़ गया है। मौसम तेजी से शुष्क होने लगा है। वातावरण से नमी कम होने से आसमान साफ होने लगा है। इससे दिन में धूप निकलने लगी है। दो दिन ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों को देखें तो प्रदेश के राजगढ़ में 33.8, खजुराहो में 33.2, मंडला में 32.6, दमोह में 32.5, रीवा में 32.4, रतलाम में 32.2, ग्वालियर में 32.1, नौगांव-उज्जैन-गुना में 32, धार में 31.7, इंदौर-सतना में 31.4, दतिया में 31.2, सीधी में 31 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। रात के तापमान की बात करें तो अधिकांश जगह पारा 20 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। पचमढ़ी में 13, रायसेन में 14.2, बैतूल में 15.4, छिंदवाड़ा में 15.8, खंडवा में 16 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

Share:

Next Post

अब बोर्ड और होर्डिंग में सिर्फ हिंदी भाषा का होगा इस्तेमाल

Sun Oct 16 , 2022
मप्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बड़ा निर्णय डॉक्टर पर्चे पर ऊपर श्री हरि लिखें, नीचे हिंदी में क्रोसिन भोपाल। शिवराज सरकार मप्र में अंग्रेजी भाषा में लगे बोर्ड को बदेली। अब सिर्फ हिंदी भाषा में ही बोर्ड और होर्डिंग लगाए जाएंगे। ये घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत भवन में चिकित्सा शिक्षा […]