
डेस्क: केजीएफ फेम यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेरिटेल फोर ग्रोन अप्स’ की रिलीज़ डेट का फिर से ऐलान कर दिया गया है. इससे पहले मेकर्स ने कई बार फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया था, लेकिन किसी न किसी वजह से फिल्म पोस्टपोन होती जा रही थी. पर अब फाइनली ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स ने बताया है कि यश की फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर में एक साथ रिलीज़ होने के लिए तैयार है. रिलीज़ डेट का ऐलान करना सिर्फ मेकर्स के लिए ही राहत की खबर नहीं है, बल्कि इससे यश के तमाम फैंस को भी सुकून मिलेगा, जो लंबे वक्त से इसकी रिलीज़ का इंतज़ार कर रहे हैं.
‘टॉक्सिक‘ की इस नई रिलीज डेट का ऐलान करते हुए यश ने फिल्म का एक पोस्ट भी शेयर किया है, जिसमें यश का दोनों ही लुक दिखाई दे रहा है. एक में वो बड़ी बड़ी दाढ़ी मूंछ में नज़र आ रहे हैं, तो दूसरी में बिना दाढ़ी-मूंछ और लंबे बालों के दिख रहे हैं. नए पोस्टर पर फिल्म की तारीख के अलावा लिखा है, “पिता का सम्मान करो.”
यश की इस फिल्म में साउथ सिनेमा और बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियां अहम किरदारों में नज़र आने वाली हैं. फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत नज़र आएंगी. इन सभी के लुक को काफी पसंद किया गया है. इस फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. जबकि गीतू के साथ मिलकर इस फिल्म को यश ने ही लिखा है. केवीएन और आरएसवाई ने फिल्म को प्रोड्यूस किया है.
टॉक्सिक को यश सबसे पहले 19 मार्च को रिलीज़ करना चाहते थे. लेकिन इसी दिन रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर का पार्ट 2 धुरंधर 2 भी रिलीज़ हो रही थी. ऐसे में मेकर्स ने ‘टॉक्सिक’ की रिलीज़ डेट को आगे बढ़ाकर 4 जून 2026 कर दिया था. हालांकि 4 जून से कुछ दिनों पहले ही इसकी ये वाली तारीख भी रद्द कर दी गई. उसके बाद यश ने एक पोस्ट में बताया था कि वो अपनी इस फिल्म में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते इसलिए पूरी तरह तैयार होने के बाद ही इसे रिलीज़ करेंगे. बताया गया था फिल्म को ग्लोबल डेट के हिसाब से रिलीज़ किया जाएगा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved