
वडोदरा। वडोदरा के भायली इलाके से रेबीज का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक हेमंत नाम के युवक को कुछ समय पहले आवारा कुत्ते ने काट लिया था। बताया जा रहा है कि युवक ने समय पर इलाज नहीं कराया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसमें रेबीज के लक्षण दिखाई देने लगे। युवक ने खुद को काटना शुरू कर दिया और आसपास मौजूद लोगों पर हमला करने की कोशिश की।
जब हालात बेकाबू हो गए तो लोगों ने तुरंत युवक को बांध दिया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को गोटरी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे संक्रामक रोग अस्पताल में उपचार के लिए ट्रांसफर किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। इस मामले ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है।
इस गंभीर केस के बारे में इन्फेक्शन स्पेशलिस्ट डॉ. हितेन करेलिया ने कहा, “रेबीज़ होने के बाद मरीज़ के बचने की उम्मीद बहुत कम होती है। रेबीज़ वायरस 2 से 14 दिनों में असर करता है और सीधे मरीज़ के दिमाग पर हमला करता है। इसलिए कुत्ते के काटते ही बिना समय बर्बाद किए एंटी-रेबीज वायरस इंजेक्शन (वैक्सीन) लगवाना बहुत जरूरी है।”
रेबीज वाले कुत्तों के लक्षणों के बारे में डॉक्टर ने आगे कहा, “अगर कोई कुत्ता एक जगह नहीं बैठता, पानी से डरता है, कुछ खाता-पीता नहीं है और उसके मुंह से लगातार लार टपकती रहती है, तो ऐसे कुत्तों से दूर रहें और अगर वह काट ले, तो तुरंत हॉस्पिटल पहुंचकर वैक्सीन लगवाएं।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved