भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

विकास में भागीदार बन कर मप्र को नंबर-वन राज्य बनाएं युवा

  • मुख्यमंत्री ने कहा… नागरिक टेलेंट का उपयोग कर राज्य सरकार और भी हो जायेगी रिच

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के साथ जबलपुर सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। विकास की इस यात्रा में प्रबुद्धजन और युवा भागीदार बन कर मध्यप्रदेश को नंबर-वन राज्य बनाएँ। प्रदेश के नागरिक टेलेंट का उपयोग कर राज्य सरकार और भी रिच हो जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान आज जबलपुर में प्रबुद्धजन से प्रदेश के विकास को लेकर संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज मध्यप्रदेश सिंचाई, बिजली, सड़क, उद्योग और फसल उत्पादन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रदेश के विकास में समग्र, समन्वित और सुनियोजित प्रयासों से विकास की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त की गई हैं। इन उपलब्धियों में आमजन का सहयोग भी रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब मध्यप्रदेश बीमारू राज्यों की श्रेणी में गिना जाता था, आज समन्वित प्रयासों से मध्यप्रदेश, देश के टॉप-10 राज्यों की श्रेणी में गिना जाने लगा है।



मप्र में सड़कों की सूरत बदल गई है
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2003 के पहले प्रदेश की जो स्थिति थी, वह किसी से छुपी नहीं है। सड़क में गड्डे थे या गड्डों में सड़क थी, यह पता ही नहीं लगता था। आज मध्यप्रदेश में सड़कों की सूरत बदल गई है। चारों ओर सड़कों का जाल बिछ गया है। नेशनल हाई-वे भी बने हैं। प्रदेश में सड़कों की कनेक्टिविटी बढ़ जाने से निवेश भी तेजी से बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल एक्सप्रेस-वे, नर्मदा एक्सप्रेस-वे और विन्ध्य एक्सप्रेस-वे से प्रदेश को विकास के नये आयाम मिलेंगे। जबलपुर में देश का दूसरा सबसे बड़ा रिंग रोड बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा एक्सप्रेस-वे मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट है, जो पूर्व से पश्चिम तक बनेगा, इससे व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। अटल जी के नाम पर चंबल में अटल एक्सप्रेस-वे बन रहा है। प्रदेश में कहीं भी कनेक्टिविटी की समस्या नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब चंबल के बीहड़ों में डाकूओं का खौफ था, सिमी का नेटवर्क और नक्सलवाद का बोलबाला था। आज चंबल या कहीं और डाकूओं का संगठित गिरोह नहीं है। सिमी का नेटवर्क ध्वस्त किया जा चुका है। नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार किया गया है। इसी साल लाखों रूपये के 6 ईनामी नक्सली मार गिराये गये हैं। चंबल के बीहड़ की जमीन को इंडस्ट्रीज में परिवर्तित किया जा रहा है। सभी एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जायेगा।

जबलपुर में बनेगा स्किल पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर में ग्लोबल स्किल पार्क बनाया जायेगा। इसमें युवाओं को प्रशिक्षित कर उनके हुनर को बढ़ा कर रोजगार दिलाये जायेंगे। जबलपुर रिंग रोड के आसपास 456 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में औद्योगिक संभावनाओं को तलाशा जायेगा। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति और स्व-रोजगार योजनाओं में हर माह ऋण वितरण कर आजीविका मिशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे बेरोजगारी भत्ते के विरोधी हैं। इसीलिए मुख्यमंत्री कौशल कमाई योजना शुरू की है, जिसमें काम सीखने के दौरान युवाओं को 8100 रूपये की राशि दी जायेगी। इस प्रशिक्षण से युवा अपने भविष्य को बेहतर कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट भले ही इंदौर में हुई, लेकिन इन्वेस्टर्स की रूचि जबलपुर में ज्यादा दिखाई दी है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश अब टाईगर स्टेट है, लेपर्ड स्टेट है, घडिय़ाल स्टेट और वल्चर स्टेट भी है। यहाँ महाकाल जैसी अनेक रचनाएँ हैं, नमामि नर्मदा कॉरिडोर जल्द ही जबलपुर की सांस्कृतिक विरासत को एक नई पहचान देगा। साथ ही पर्यटन और रोजगार को गति मिलेगी। चौहान ने प्रबुद्धजन से आग्रह किया कि वे प्रदेश के विकास में भागीदार बनने के लिये जबलपुर में प्रतिभावनों की एक अराजनैतिक टीम बनाएँ और उनकी प्रतिभा और सोच को राज्य हित में लगाएँ।

Share:

Next Post

तोमर ने स्टार्टअप कॉन्क्लेव में कहा... छोटे व मझोले उद्योग रोजगार देने में ज्यादा सक्षम

Mon Apr 10 , 2023
भोपाल। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि छोटे एवं मझोले उद्योग बड़े-बड़े उद्योगों से ज्यादा रोजगार उपलब्ध कराते हैं। इसीलिए सरकार छोटे और मझोले उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दे रही है। सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों से प्रभावित होकर विदेश में बसे भारतीय उद्यमी व तकनीकी विशेषज्ञ अपने देश […]