
इंदौर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें चोरी की शंका में लोग दो युवकों को पीट रहे हैं। बाद में उनको रस्सी से बांधकर रेलवे ट्रैक के पास पटक देते हैं। पिटाई के दौरान डंडा भी टूट जाता है। बाद में पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक एक भाग निकला।
यह वीडियो अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के केसरबाग ब्रिज के नीचे का बताया जा रहा है। यहां कुछ लोग पहले एक युवक को रस्सी से बांधकर पटक देते हैं और फिर कुछ लोग दूसरे युवक को रेलवे ट्रैक से पकड़कर लाते हैं और फिर उसकी डंडे से पिटाई करते हैं। इस दौरान डंडा भी टूट जाता है।
वहीं वीडियो में एक महिला की आवाज आ रही है कि चोरों को तो पीटना चाहिए। इसके बाद पुलिस भी वहां पहुंचती है और रस्सी से बंधे युवक को खोलती है। इस दौरान मौका पाकर एक युवक भाग जाता है। उसकी जानकारी ली जाती है। हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। एक युवक को पुलिस अपने साथ ले गई थी। शहर में लोग अब खुद ही सजा दे रहे हैं। यह हक उनको किसने दिया? उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाना चाहिए। ट्रैक पर यदि उस दौरान रेल आ जाती तो हादसा हो सकता था, क्योंकि युवक को वहां बांधकर पटक दिया गया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved