
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन में पुलिस कर्मियों के लिए 1900 आवासीय क्वार्टर बनाने की योजना हैं। इसमें उज्जैन स्थित पुलिस लाइन, पीटीएस, चिमनगंज, भैरवगढ़ थाना और सिंहस्थ मेला क्षेत्र में आवास बनाए जा रहे हैं। योजना में अब तक 100 करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च भी हो चुकी हैं, और आवासों के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले में पुलिस आधुनिकीकरण के तहत सरकार ने नवीन आवासों के निर्माण की मंजूरी दी थी। राज्य सरकार ने इसके लिए 500 करोड़ रुपए से ज्यादा का बजट स्वीकृत किया हैं इसके तहत उज्जैन की पुलिस लाइन, पीटीएस, चिमनगंज और भैरवगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग की जमीन पर आवास बनाए जा रहे हैं। इसमें एनजीओ, ओआर और जीओ श्रेणी के आवासीय क्वार्टर शामिल हैं। योजना के अंतर्गत सिंहस्थ क्षेत्र में भी पुलिस आवास बनाए जाएंगे। जो सिंहस्थ के दौरान सुरक्षा के लिए तैनात बल को ठहराने के काम भी आएंगे। आवास निर्माण की जिम्मेदारी पुलिस हाउसिंग बोर्ड को दी गई। संभावना है कि साल 2027 तक सभी आवासों का काम पूरा हो जाएगा।