इंदौर न्यूज़ (Indore News)

भाजपा की 29 महिला पार्षद, राखी बांधने आईं सिर्फ 5

  • संगठन के प्रदेश प्रभारी राव की मौजूदगी में महिला मोर्चा ने रखा था आयोजन

इंदौर। टिकट मिलने और चुनाव लडक़र जीतने तक पार्टी में अपनी सक्रियता दिखाने वाली महिला पार्षद अब पार्टी के आयोजनों से ही किनारा करने लगी है। कल भाजपा कार्यालय पर रक्षाबंधन का आयोजन रखा गया था। इस आयोजन में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव भी मौजूद थे, लेकिन 29 महिला पार्षदो में से मात्र 5 महिला पार्षद ही राखी बांधने पहुंची।

हर साल भाजपा कार्यालय पर रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाता है। हालांकि यह कार्यक्रम जन्माष्टमी पर होता है, लेकिन इस बार शहर में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव के प्रवास के चलते यह आयोजन कल रखा गया। आयोजन में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, नगर उपाध्यक्ष प्रकाश राठौर सहित अन्य पुरुष पदाधिकारियों ने महिला मोर्चा की बहनों से राखी बंधवाई। महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष शैलजा मिश्रा, नगर महामंत्री सविता अखंड के साथ महिलाओं ने सभी को राखी बांधी। आयोजना में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और नई पार्षदों को भी बुलाया गया था, लेकिन वे कार्यक्रम से नदारद रही।


कार्यक्रम में मात्र पांच महिला पार्षद ही आईं, जिनमें कंचन गिदवानी, बरखा मालू, भावना चौधरी, हरप्रीत कौर और मुद्रा शास्त्री थीं, लेकिन मुद्रा शास्त्री राखी बांधे बिना ही पदाधिकारियों से मिलकर चली गईं। आयोजन करीब एक घंटे तक चलता रहा, लेकिन बाकी महिला पार्षद नहीं आईं। नगर निगम में हाल ही में विधानसभा एक से छह, दो नंबर से सात, तीन नंबर से चार, चार नंबर से पांच, पांच नंबर से चार और राऊ से तीन महिला पार्षद चुनी गई हैं, लेकिन अब वे भी पार्टी के आयोजन में आने से कतराने लगी हैं। इसके पहले भी एक, दो आयोजन हो चुके हैं, जिसमें नई-नवेली महिला पार्षदो का नहीं आना चर्चा हैं। उनके स्थान पर जरूर उनके पतियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।

Share:

Next Post

3 नंबर में संगठन की सर्जरी की तैयारी

Sun Aug 14 , 2022
विधायक और संगठन के पास पहुंची पार्टी के खिलाफ काम करने की शिकायत एक वार्ड अध्यक्ष ने पद छोडऩे के लिए कहा तो कुछ अध्यक्षों को हटाएंगे इंदौर। निगम चुनाव निपटने के बाद अब भाजपा संगठन में सर्जरी की जा रही हैं। पांच नंबर विधानसभा से तीन वार्ड अध्यक्षों को हटाने के बाद अब तीन […]