इंदौर न्यूज़ (Indore News)

15 दिनों में शहरभर से मिला 60 टन प्लास्टिक


निगम वेंडर्स के साथ मिलकर प्लास्टिक की रिसाइकलिंग करके डस्टबिन, पाइप और अन्य सामान बनाएगा

इन्दौर। नगर निगम ने घर-घर से प्लास्टिक इकट्ठा करने के लिए अभियान चलाया और 15 दिनों के अंतराल में 60 टन से ज्यादा प्लास्टिक निगम के पास जमा हो गया है। यह अभियान अभी जारी है और आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर और प्लास्टिक लोगों से मिलने की उम्मीद है। अबो वेडर्स के साथ मिलकर प्लास्टिक की विभिन्न सामग्री को निगम रिसाइकलिंग कर उससे दाने, पाइप, प्लास्टिक के डस्टबिन बनाने का काम करेगा।

निगम ने हर झोन पर एक-एक गाड़ी अलग से वेस्ट सामग्री इकट्ठी करने के लिए तैनात की है। एनजीओ के साथ-साथ निगम कर्मचारी अलग-अलग गली-मोहल्लों में जाकर लोगों के घरों से प्लास्टिक और अन्य वेस्ट सामान ले रहे हैं। इसके लिए कई स्थानों पर रहवासी संघों की मदद भी ली जा रही है और इस योजना का निगम को खासा लाभ मिला है। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक पिछले 15 दिनों से यह अभियान शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगातार चलाया जा रहा है और अब तक 60 टन से ज्यादा प्लास्टिक लोगों ने निगम को सौंपा है। इनमें कई प्लास्टिक की बोतलें, खराब मग, टब, प्लास्टिक की टूटी कुर्सियां, बेंच से लेकर कई अन्य सामग्री है, जिसे ट्रेंचिंग ग्राउंड में रखवाया गया है।

वेस्ट प्लास्टिक से निगम बनाएगा डस्टबिन
अधिकारियों का कहना है कि कई वेंडरों को साथ लेकर निगम जमा हुए प्लास्टिक का रिसाइकलिंग करके उससे तमाम प्रकार की सामग्री बनाने का काम आने वाले दिनों में शुरू करने वाला है। इसके लिए वेंडरों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी और सभी बिन्दुओं पर चर्चा के बाद काम शुरू कराया जाएगा। उक्त प्लास्टिक से बनाई जाने वाले डस्टबिन शहर के विभिन्न स्थानों और उद्यानों में निगम द्वारा रखे जाएंगे, ताकि लोगों को कचरा यहां-वहां न फेंकना पड़े।

Share:

Next Post

वकीलों को अब 31 दिसंबर तक देना है जानकारी

Sat Nov 14 , 2020
पहले तक 15 नवंबर तक देना था विवरण, बीसीआई ने मियाद बढ़ाई इंदौर।बार काउंसिल को अपने बारे में ऑनलाइन जानकारी देने में जुटे वकीलों को बीसीआई ने फिलहाल राहत देते हुए डेढ़ माह की मियाद बढ़ा दी है। अब वे 31 दिसंबर तक अपनी डिटेल दे सकेंगे। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने 29 सितंबर […]