इंदौर। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में कल 16 मई को बड़ा गणपति चौराहा से निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा के डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग को सजाने की कमान 8 विधानसभा क्षेत्र की टीम को सौंपी गई है। इस यात्रा में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ता बड़ा गणपति चौराहा पर एकत्र होंगे। जिस विधानसभा क्षेत्र को सजावट के लिए जो क्षेत्र आवंटित किया गया है वह उस क्षेत्र पर ही काम करेंगे। भाजपा की ओर से तिरंगा यात्रा के लिए तैयारी के काम को तेज गति दे दी गई है। बड़ा गणपति चौराहा से शुरू होने वाली यह तिरंगा यात्रा राजबाड़ा पर आकर समाप्त होगी। इस यात्रा के डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग की जिम्मेदारी भाजपा द्वारा अपने आठ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। इस यात्रा में भाग लेने वाले सभी कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वह बड़ा गणपति चौराहा पर ही आकर एकत्र हों।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि बड़ा गणपति चौराहा और उसके आसपास के क्षेत्र को सजाने की जिम्मेदारी देपालपुर मंडल के कार्यकर्ताओं को दी गई है। इस चौराहा से लेकर कड़ाबीन जैन मंदिर तक के क्षेत्र को सजाने का काम विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक के कार्यकर्ता करेंगे। इसके बाद जैन मंदिर से लेकर टोरी कॉर्नर तक का क्षेत्र विधानसभा दो के कार्यकर्ताओं को सौंपा गया है। टोरी कॉर्नर से लेकर गोराकुंड चौराहा तक का क्षेत्र विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 के हवाले किया गया है। इसके बाद गोराकुंड चौराहा से शक्कर बाजार चौराहा तक का क्षेत्र विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 द्वारा संभाला जाएगा।
मिश्रा ने बताया कि शक्कर बाजार चौराहा से लेकर रामभक्त हनुमान मंदिर खजूरी बाजार तक का क्षेत्र राऊ विधानसभा क्षेत्र के जिम्मे किया गया है। फिर वहां से लेकर राजबाड़ा तक का क्षेत्र विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 को सजावट के लिए सौंपा गया है। राजबाड़ा चौक की सजावट का काम सांवेर विधानसभा क्षेत्र के निपानिया मंडल द्वारा किया जाएगा। इस डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग को पूरी तरह से देशभक्ति के रंग में रंगने का काम किया जाएगा। इस तिरंगा यात्रा के लिए भाजपा संगठन द्वारा बनाई गई अलग-अलग टोली आज अनाज मंडी, सब्जी मंडी, फल मंडी और मजदूर चौक पर जाकर संपर्क करेगी।
सामाजिक संगठनों की मीटिंग में 90 समाजों ने लिया भाग
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा इस तिरंगा यात्रा के संदर्भ में कल बुधवार की शाम को प्रीतमदास सभागृह में विभिन्न समाजों की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में 90 सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सभी पदाधिकारियों द्वारा अपने समाजजनों के साथ अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में भाग लेने का संकल्प लिया गया। बैठक में सभी को कहा गया कि उन्हें अपने समाज अथवा संगठन के नाम का बैनर लेकर इस यात्रा में शामिल होना है। यात्रा में शामिल होने वाले लोग अपने हाथों में तख्ती लिए हुए होंगे। इस तख्ती पर ऑपरेशन सिंदूर का मोनो रहेगा। इसके अलावा पाकिस्तान विरोधी नारे और भारत माता तथा भारतीय सेना की जय-जयकार के नारे लिखे हुए होंगे। इसके अतिरिक्त प्रमुख समाज के व्यक्तियों के साथ अलग से बैठक का सिलसिला भी चल रहा है।
हर विधानसभा क्षेत्र में भी हुई बैठक
तिरंगा यात्रा के लिए कल बुधवार को शहर के सभी आठ विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग स्थान पर अलग-अलग समय पर बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में उस विधानसभा क्षेत्र के विधायक के साथ ही वहां के प्रमुख नेता और शहर इकाई द्वारा अधिकृत किए गए नेताओं द्वारा भाग लिया गया। बैठक में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल के पदाधिकारी, वार्ड के पदाधिकारी और बूथ स्तर के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved