
भोपाल। मध्य प्रदेश में खंडवा लोकसभा के साथ-साथ तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव (By-elections for three assembly seats) हो रहे हैं। इन उपचुनावों के लिए दोनों ही प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर विचार-मंथन में जुटी है। इसी बीच कांग्रेस ने निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। कांग्रेस की अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी के बाद पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक ने शनिवार को उम्मीदवार के नाम की घोषणा की।
पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पृथ्वीपुर उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने नितेंद्र सिंह राठौर को उम्मीदवार घोषित किया है। बता दें कि नितेंद्र सिंह पृथ्वीपुर से पूर्व कांग्रेस विधायक ब्रजेन्द्र सिंह राठौर के पुत्र हैं। ब्रजेन्द्र सिंह का कोरोना के चलते इसी साल अप्रैल में निधन हो गया था, जिसके चलते यह सीट खाली हुई है। ब्रजेन्द्र सिंह यहां से पांचवीं बार विधायक चुने गए थे। उनके निधन के बाद अब कांग्रेस ने उनके बेटे को यहां से उपचुनाव के मौदान में उतारा है। (एजेंसी, हि.स.)

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved